Air India विमान में सिगरेट पीते पकड़ा गया यात्री, जमकर किया हंगामा, हाथ-पैर बांधने पड़े
एयर इंडिया विमान में यात्री ने बाथरूम के भीतर सिगरेट पी। क्रू ने जब उसे पकड़ा तो हंगामा करने लगा, जिसके बाद उसके हाथ-पैर को बांधकर सीट पर बैठा दिया गया।

Air India: एयर इंडिया के विमान के भीतर एक बार फिर से यात्री की बदसलूकी सामने आई है। मुंबई पुलिस ने बताया कि एयर इंडिया की लंदन से मुंबई की फ्लाइट 37 वर्षीय यात्री ने यात्रियों के साथ बदसलूकी की है। यात्री अमेरिकी नागरिक है, उसका नाम रमाकांत है। यात्री फ्लाइट के भीतर बाथरूम में सिगरेट पी रहा था। इसके साथ ही उसने विमान में दूसरे यात्रियों के साथ बदसलूकी भी की। यह घटना 11 मार्च की है। इस मामले में रमाकांत के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मुंबई के सहार पुलिस स्टेशन में आरोपी यात्री के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 336 और विमान अधिनियम की धारा 22, 23 और 25 के तहत केस दर्ज किया है।
मुंबई पुलिस ने बताया कि फ्लाइट क्रू ने हमे जानकारी दी है कि आरोपी यात्री ने विमान के दरवाजे को खोलने की कोशिश की थी। उसने यह भी कहा था कि उसके बैग में बुलेट है, लेकिन यात्री के बैग से इस तरह की कोई चीज बरामद नहीं की गई है। आरोपी के सैंपल को जांच के लिए भेज दिया गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या यात्री नशे की हालत में था या फिर वह मानसिक रूप से विक्षिप्त है।
आरोपी यात्री ने विमान में जमकर बवाल काटा। जब क्रू ने उसे सिगरेट पीते हुए पकड़ा तो वह उनपर चिल्लाने लगा। किसी तरह से क्रू ने उसे पकड़कर सीट पर बैठाया। लेकिन आरोपी विमान के गेट के पास जा रहा था। बाद में मजबूरी में आरोपी के हाथ पैर को बांधकर उसे सीट पर बैठाया गया। लेकिन आरोपी यात्री अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था, वह अपना सिर पकड़ने लगा। विमान के लैंड होने के बाद आरोपी को सहार पुलिस के हवाले कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications