उड़ते विमान में एयर होस्टेस से की गंदी हरकत, एयरपोर्ट पर हुआ गिरफ्तार
मंगलवार को फ्लाइट AI974 के इंडियन एयरस्पेस पर आते ही एयरहोस्टेस ने कैप्टन को बताया कि एक यात्री ने उसे गलत ढंग से छुआ और लगातार अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया।
नई दिल्ली। एयर इंडिया की फ्लाइट में एक एयर होस्टेस से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। एयर होस्टेस की शिकायत के बाद एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है। एयर होस्टेस ने बताया कि आरोपी ने मस्कट से दिल्ली आ रही फ्लाइट में उसके साथ बदसलूकी की। मंगलवार को फ्लाइट AI974 के इंडियन एयरस्पेस पर आते ही एयरहोस्टेस ने कैप्टन को बताया कि एक यात्री ने उसे गलत ढंग से छुआ और लगातार अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया। शिकायत मिलने पर कैप्टन ने ग्राउंड स्टेशन से संपर्क साधा और मामले की जानकारी दी। जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों को फ्लाइट की लैंडिंग से पहले ही अलर्ट कर दिया गया।

अधिकारी ने की घटना की पुष्टि
एयर इंडिया के सूत्रों ने बताया कि कमांडर ने एयरक्राफ्ट कम्युनिकेश एड्रेसिंग एंड रिपोर्टिंग सिस्टम के जरिए एयरलाइंस को एयरहोस्टेस के साथ हुई छेड़छाड़ और उत्पीड़न की शिकायत की। कैप्टन ने एयरलाइंस से यह भी कहा कि फ्लाइट लैंड होने के समय सुरक्षाकर्मी गेट के पास मौजूद रहें ताकि आरोपी शख्स को तत्काल गिरफ्तार किया जा सके। आरोपी को सुरक्षाकर्मियों ने फ्लाइट लैंड होते ही गिरफ्तार कर लिया और बाद में सुरक्षा एजेंसियों के हवाले कर दिया। एयर इंडिया के एक अधिकारी ने बताया ,'हम अपनी महिला क्रू मेंबर्स के साथ किसी भी तरह की बदसलूकी बर्दाश्त नहीं करेंगे। ऐसे मामलों में हमने पायलट को सख्त एक्शन लेने के निर्देश दिए हैं।'
यात्रियों के व्यवहार पर IATA ने जताई चिंता
इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) ने दुनिया भर में फ्लाइट में हो रही ऐसी घटनाओं को लेकर चिंता जताई है। हालिया आंकड़ों के मुताबिक, साल 2015 में दुनियाभर में एयरलाइंस में यात्रियों के दुर्व्यवहार के 10854 मामले सामने आए। इस आंकड़े के मुताबिक हर 1205 में फ्लाइट्स में से एक घटना सामने आती है। साल 2014 में ऐसे कुल 9316 मामले दर्ज किए गए थे। ज्यादातर घटनाओं में यात्री क्रू मेंबर्स पर मौखिक टिप्पणी करते हैं और क्रू के निर्देशों का पालन नहीं करते। IATA के मुताबिक, फ्लाइट में यात्रियों और क्रू मेंबर्स के आपसी गुस्से और झगड़े के 11 फीसदी मामले सामने आए हैं, जिनमें एयरक्राफ्ट को भी नुकसान पहुंचाया गया है। शराब और ड्रग्स की वजह से 23 फीसदी मामले सामने आए हैं। ऐसे ज्यादातर मामलों में यात्री सफर करने से पहले ही शराब या ड्रग्स का नशा करके फ्लाइट में सवार होते हैं। या फिर बिना क्रू की जानकारी के वे फ्लाइट के अंदर इसका सेवन करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications