बाबुल सुप्रियो का ममता सरकार पर आरोप- 'शान के म्यूजिक कॉन्सर्ट में जाने से रोका, दी धमकी'
कोलकाता। गायक से राजनेता बने बाबुल सुप्रियो ने एक बार फिर से पश्चिम बंगाल सरकार पर संगीन आरोप लगाए हैं, उन्होंने कहा है कि राज्य की पुलिस सीएम के इशारे पर काम कर रही है। बाबुल ने कहा कि यहां की पुलिस ने उन्हें धमकी दी है कि अगर वो गायक शान और सिंगर केके के कॉन्सर्ट में शामिल होंगे तो वे उस शो को रद्द कर देंगे। पश्चिम बंगाल के बीजेपी नेता ने कहा है कि शान और केके का कॉन्सर्ट आसनसोल में चल रहा है, जिसके बारे में शान ने मुझे बुधवार शाम को 6:30 बजे फोन करके बताया था।

'शान के म्यूजिक कॉन्सर्ट में जाने से रोका, दी धमकी'
लेकिन रात में पुलिस ने मुझे सोते हुए उठाया और धमकी दी कि अगर में उस कॉन्सर्ट में गया तो वो शो को रद्द कर देगी इसलिए मैंने फैसला किया है कि मैं शो अटैंड नहीं करुंगा ताकि वहां किसी प्रकार की समस्या ना पैदा हो पाए।
बंगाल की सरकार और पुलिस दोनों काफी गिर चुके हैं: सुप्रियो
सुप्रियो ने इस बारे में एक ट्वीट भी किया है, जिसमें उन्होंने लिखा है कि बंगाल की सरकार और पुलिस इतना नीचे गिर चुकी है कि वे ना सिर्फ मुझे मेरे संसदीय क्षेत्र में जाने से रोकते हैं बल्कि म्यूजिक इंडस्ट्री के मेरे मित्रों को भी यहां शो ना करने की धमकी देते हैं। क्या राज्य सरकार का यही काम रह गया है कि वे यहां आने वाले को रोके?

बाबुल सुप्रियो को गुस्सा बहुत आता है!
गौरतलब है कि बाबुल सुप्रियो अपने विवादित बयानों के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में आसनसोल के एक कार्यक्रम में दिव्यांगजनों ह्वील चेयर गिफ्ट करते वक्त उन्होंने अपना आपा खो दिया था, कार्यक्रम के दौरान एक शख्स बार बार उनके स्टेज के सामने एक तरफ से दूसरी तरफ आ जा रहा था। ये देखकर बाबुल सुप्रियो अपना आपा खो बैठे और कहा कि वो उसका पैर तोड़कर गिफ्ट में ह्वील चेयर दे देंगे। यही नहीं उन्होंने अपने सेक्युरिटी गार्ड से कहा कि वो उसकी एक टांग तोड़ दे और यदि वो आगे ऐसा करता है तो वो छड़ी उनको सौंप दे।












Click it and Unblock the Notifications