ममता बनर्जी जितनी बार असम आएंगी, बीजेपी को उतना ही फायदा होगा- हिमंत बिस्वा सरमा
नई दिल्ली, अगस्त 29। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 2024 लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए नॉर्थ ईस्ट राज्य असम और त्रिपुरा पर अच्छा खासा फोकस कर रही हैं। हालांकि त्रिपुरा में अगले साल विधानसभा चुनाव भी होने हैं, जिसकी तैयारी में तृणमूल कांग्रेस लगी हुई है। इस बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ममता बनर्जी के बार-बार असम और त्रिपुरा जाने को लेकर निशाना साधा है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि ममता बनर्जी जितना असम और त्रिपुरा का दौरा करेंगी, बीजेपी को उतना ही फायदा होगा।

मैं ममता जी का रेड कार्पेट बिछाकर स्वागत करूंगा- सरमा
हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि ममता बनर्जी जितनी बार असम आएंगी, मैं उतनी बार ही रेड कार्पेट बिछाकर उनका स्वागत करूंगा। उन्होंने बताया कि अगर ममता बनर्जी असम आती हैं तो कांग्रेस और यूडीएफ (यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट) के वोट बंट जाएंगे, जिससे बीजेपी को फायदा होगा, इसलिए मैं असम में ममता जी का स्वागत करता हूं। दोनों कांग्रेस और टीएमसी एक समान पार्टी हैं। वे जितना अधिक लड़ेंगे, भाजपा को उतना ही अधिक लाभ होगा।
'असम और बंगाल में एकसाथ हुए थे चुनाव, लेकिन...'
हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि असम और पश्चिम बंगाल में एक साथ विधानसभा चुनाव हुए थे और नतीजे भी एकसाथ आए थे, लेकिन बंगाल और असम की स्थिति में बहुत अंतर है, नतीजों वाले दिन असम के किसी भी घर पर पथराव नहीं हुआ था और बंगाल की हालत देखिए वहां अदालत को सीबीआई जांच का आदेश तक देना पड़ा है।
असम और त्रिपुरा पर फोकस है ममता बनर्जी का
आपको बता दें कि ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल के बाद अब नॉर्थ ईस्ट के राज्य असम और त्रिपुरा पर अधिक फोकस कर रही हैं। असम में टीएमसी ने व्यापक सदस्यता अभियान शुरू किया है तो वहीं त्रिपुरा में टीएमसी के कई दिग्गज नेता समय-समय पर दौरा कर रहे हैं। असम में हाल ही में कांग्रेस की पूर्व लोकसभा सांसद सुष्मिता देव ने टीएमसी जॉइन की है।












Click it and Unblock the Notifications