केजरीवाल की गिरफ्तारी पर ममता ने बीजेपी पर बोला जोरदार हमला, कहा- 'ये सरासर लोकतंत्र पर हमला है'
Mamata banerjee, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी ने शराब नीति घोटाले मामले में गुरुवार शाम गिरफ्तार कर लिया। लोकसभा चुनावों से ठीक पहले सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर विपक्षी दलों ने जबरदस्त हमला बोला है।
सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट कर कहा कि, दिल्ली के मौजूद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करती हूं। यह लोकतंत्र पर सरासर हमला है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ममता बनर्जी ने ट्वीट कर लिखा कि, मैं जनता द्वारा चुने गए दिल्ली के मौजूदा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करती हूं। मैंने अपना अटूट समर्थन और एकजुटता दिखाने के लिए व्यक्तिगत रूप से श्रीमती सुनीता केजरीवाल से संपर्क किया है। यह अपमानजनक है कि जनता द्वारा निर्वाचित विपक्षी मुख्यमंत्रियों को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है और गिरफ्तार किया जा रहा है।
सीएम ममता ने आगे लिखा कि, जबकि दूसरी ओर सीबीआई/ईडी जांच के तहत आरोपी व्यक्तियों को अपने कदाचार जारी रखने की अनुमति दी जा रही है, खासकर बीजेपी के साथ गठबंधन करने के वालों को। यह सरासर लोकतंत्र पर हमला है। सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि आज हमारा इंडिया गठबंधन चुनाव आयोग से मिलकर विशेष रूप से एमसीसी अवधि के दौरान विपक्षी नेताओं को जानबूझकर निशाना बनाने और गिरफ्तार करने पर अपनी कड़ी आपत्ति व्यक्त करेगा।
ममता ने जानकारी दी कि, इस उद्देश्य से मैंने चुनाव आयोग के साथ इस महत्वपूर्ण बैठक में तृणमूल कांग्रेस का प्रतिनिधित्व करने के लिए डेरेक ओ'ब्रायन और नदीम-उल-हक को नामित किया है। बता दें कि अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। गोपाल राय ने इंडिया गठबंधन में शामिल दलों को इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया।
वहीं दूसरी ओऱ आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को शुक्रवार दोपहर 2 बजे राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया। इस बीच दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा कि केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। जेल से सरकार चलाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications