राष्ट्रपति चुनाव पर चर्चा के लिए ममता बनर्जी ने बुलाई विपक्ष की बैठक, 22 नेताओं को लिखी चिट्ठी
नई दिल्ली, 11 जून: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी ने आगामी राष्ट्रपति चुनाव पर चर्चा के लिए 15 जून को विपक्ष की बैठक बुलाई है। शनिवार को ममता बनर्जी की ओर से 22 विपक्षी नेताओं को पत्र लिखकर उनसे 15 जून को दिल्ली में होने वाली इस बैठक में शामिल होने की दरख्वास्त की गई है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, गैर एनडीए दलों के मुख्यमंत्रियों और विपक्ष के सभी बड़े नेताओं को ममता बनर्जी ने इस बैठक के लिए न्योता दिया है।

टीएमसी की ओर से कहा गया है कि ममता बनर्जी ने 15 जून को दोपहर 3 बजे कॉन्स्टीट्यूशन क्लब, दिल्ली में बैठक बुलाई है। इस बैठक में आगामी राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्ष की एक संयुक्त रणनीति तैयार करने पर बात होगी।
इन नेताओं को बैठक के लिए न्योता
ममता बनर्जी की ओर से कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी, राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, सीपीआईएम महासचिव सीताराम येचुरी, एनसीपी चीफ शरद पवार, रालोद मुखिया जयंत चौधरी, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती, नेशनल कॉन्फ्रेंस चीफ फारूख अब्दुल्ला, पूर्व पीएम एचडी देवगौड़ा, शिअद मुखया सुखबीर सिंह बादल, सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट अध्यक्ष पवन चामलिंग, आईयूएमएल के प्रेसीडेंट कादर मोहिदीन को बुलाया गया है। इनके अलावा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, केरल सीएम पिनाराई विजयन, ओडिशा सीएम नवीन पटनायक, तेलंगाना सीएम चंद्रशेखर राव, तमिलनाडु सीएम एमके स्टालिन, महाराष्ट्र सीएम उद्धव ठाकरे, झारखंड सीएम हेमंत सोरेन और पंजाब के सीएम भगवंत मान को भी ममता बनर्जी ने बैठक का न्योता भेजा है।
जुलाई में होने हैं राष्ट्रपति चुनाव
देश के अगले राष्ट्रपति के लिए चुनाव 18 जुलाई को होगा और 21 जुलाई को नतीजों का ऐलान किया जाएगा। भारत के मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को पूरा हो रहा है। राष्ट्रपति चुनाव के लिए 15 जून को अधिसूचना जारी होगी। 29 जून तक नामांकन किए जा सकेंगे। इसके बाद 18 जुलाई को वोटिंग होगी।












Click it and Unblock the Notifications