Opposition Meeting: नरम पड़े ममता के तेवर, भतीजे अभिषेक के साथ बेंगलुरु में विपक्ष की बैठक में होंगी शामिल
लोकसभा चुनाव में एक साल से कम का वक्त बचा है, ऐसे में सभी दलों ने इसकी तैयारी शुरू कर दी। विपक्षी दल भी मोदी सरकार और बीजेपी के खिलाफ एकजुट हो रहे, जिसके तहत 18 जुलाई को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में विपक्ष की संयुक्त बैठक बुलाई गई है। वैसे तो टीएमसी ने पहले इसमें शामिल होने से इनकार कर दिया था, लेकिन अब उसने हामी भर दी है।
टीएमसी के मुताबिक ममता बनर्जी 18 तारीख वाली बैठक में शामिल होंगी। उनके साथ पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी भी जाएंगे। जिसमें 2024 के चुनाव को लेकर चर्चा की जाएगी।

क्यों कर रही थीं मना?
टीएमसी नेताओं के मुताबिक ममता बनर्जी पैर में चोट की वजह से बैठक में नहीं जाना चाहती थीं, लेकिन विपक्षी दल इसका दूसरा मतलब निकाल रहे थे। हालांकि सीएम ममता ने ये कहा था कि वो अपने कोई प्रतिनिधि जरूर भेजेंगी, लेकिन अब वो खुद जाने को तैयार हो गई हैं।
सोनिया गांधी ने किया फोन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सोनिया गांधी ने ममता बनर्जी को फोन किया था। साथ ही उनसे खुद बैठक में शामिल होने को कहा। जिस पर वो तैयार हो गईं। इस बैठक में सोनिया के साथ राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे भी जाएंगे।
कितने दल होंगे शामिल?
वहीं इससे पहले जून में पटना में विपक्षी दलों की बैठक बुलाई गई थी। जिसमें 15 दल शामिल हुए थे। विपक्षी दलों का दावा है कि बेंगलुरु वाली बैठक में 24 दल शामिल होंगे। हालांकि उनके नाम अभी साफ नहीं हो पाए हैं। कुछ पार्टियों के नाराज होने की भी खबर सामने आ रही। जिसमें आम आदमी पार्टी (AAP) का नाम सबसे ऊपर है।
AAP क्यों नाराज?
दरअसल अरविंद केजरीवाल की पार्टी लगातार केंद्र द्वारा दिल्ली पर लाए गए अध्यादेश का विरोध कर रही। पटना की बैठक में उन्होंने इस अध्यादेश का विरोध करने की मांग की, लेकिन कांग्रेस ने उससे इनकार कर दिया। उसने कहा था कि ये विपक्षी एकता की बैठक है, इसमें ऐसे मुद्दे नहीं उठाने चाहिए। जिससे आम आदमी पार्टी नाराज चल रही थी। ऐसे में उसका रुख अभी साफ नहीं हो पाया है।












Click it and Unblock the Notifications