पेगासस का इस्तेमाल कर PK के साथ मेरी बैठकों की जासूसी कर रही है सरकार: ममता बनर्जी
कोलकाता, जुलाई 22: पेगासस स्पाईवेयर का इस्तेमाल कर विपक्षी नेताओं और पत्रकारों के फोन को कथित रूप से हैक करने को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मोदी सरकार पर हमला बोला है। ममता बनर्जी ने गुरुवार को आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के साथ उनकी बैठकों की जासूसी की है। ममता बनर्जी ने कहा कि पेगासस सुपर इमरजेंसी से भी बड़ा है। यह वाटरगेट से भी बड़ा घोटाला है। केंद्र सरकार मंत्री तक विश्वास नहीं करती है।

ममता बनर्जी ने एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि, मैं आपको बताती हूं कि, कुछ दिन पहले मैं प्रशांत किशोर और कुछ अन्य लोगों के साथ बैठक में थी। उन्होंने (सरकार) बैठक का क्लोन तैयार किया है। प्रशांत किशोर ने अपने फोन का ऑडिट कराया और पता चला कि हमारी एक बैठक के बारे में उन्हें (सरकार को) पेगासस स्पाईवेयर के जरिए पता थी।
ममता ने कहा कि, हमारे फोन टैप किये जा रहे हैं। ने केवल टैप किये जा रहे हैं..यह एक रिकॉर्डर की तरह है। विपक्ष के सारे नेता जानते हैं कि हमारे फोन टैप किये जा रहे हैं। मैं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता शरद पवार जी, चिदंबरम या विपक्ष के अन्य नेताओं या मुख्यमंत्रियों से बात नहीं कर सकती क्योंकि केंद्र द्वारा हमारी जासूसी की जा रही है। लेकिन हमारी जासूसी कराने से वे 2024 के लोकसभा चुनाव में नहीं बच पाएंगे।
सीएम बनर्जी ने कहा, पेगासस खतरनाक है। वे सांसद अभिषेक बनर्जी (उनके भतीजे) और प्रशांत किशोर (चुनाव रणनीतिकार) की जासूसी कर रहे हैं। भाजपा संघीय ढांचे को नष्ट करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जासूसी रोकने के लिए उसने अपना फोन प्लास्टर कर दिया है। रविवार को, एक अंतरराष्ट्रीय मीडिया संघ ने बताया कि पेगासस स्पाइवेयर के माध्यम से हैकिंग के लिए 300 से अधिक सत्यापित मोबाइल फोन नंबर, जिनमें दो मंत्री, 40 से अधिक पत्रकार, तीन विपक्षी नेताओं के अलावा भारत में कई व्यवसायी और कार्यकर्ता को निशाना बनाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications