'आपसी मतभेदों को दूर रखें, पार्टी की एकजुटता को प्राथमिकता दें', CWC मीटिंग में खड़गे की नेताओं को नसीहत
CWC Meeting in Hyderabad: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हैदराबाद में पहली कांग्रेस वर्किंग कमेटी (Congress Working Committee) की बैठक संपन्न हुई। बैठक में पार्टी अध्यक्ष खड़गे के अलावा कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी भी मौजूद रहे। इस दौरान रविवार को कई अहम मुद्दों पर CWC सदस्यों ने मंत्रणा की।
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि पार्टी को आत्मसंयम बरतना चाहिए और नेताओं के खिलाफ मीडिया में बयान देने से बचना चाहिए ताकि पार्टी के हितों को नुकसान ना पहुंचे।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगे कहा कि पार्टी को अथक परिश्रम करना चाहिए और अपने मतभेदों और व्यक्तिगत हितों को एक तरफ रखकर सफलता को प्राथमिकता देनी चाहिए।
बैठक में खड़गे ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए पार्टी को एकजुट होना चाहिए और ''तानाशाही'' सरकार को उखाड़ फेंकना चाहिए। संगठनात्मक एकता की अहमियत पर जोर देते हुए अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस अनुशासन के जरिए अपने विरोधियों को हरा सकती है जैसा कि कर्नाटक में देखा गया।
खड़गे ने कहा कि जनता विकल्प तलाश रहे हैं और कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की जीत इसका स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने इस बात पर भी जोर देते हुए कहा कि पार्टी आगामी तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए ''नई ताकत के साथ'' और ''स्पष्ट संदेश'' के साथ पूरे जोर-शोर से प्रचार करेगी।
खड़गे ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा, "हम सभी आगे आने वाली चुनौतियों से अवगत हैं। ये चुनौतियां सिर्फ कांग्रेस पार्टी की नहीं हैं। ये भारतीय लोकतंत्र के अस्तित्व और भारत के संविधान के संरक्षण से जुड़ी हैं।"
वहीं पार्टी अध्यक्ष ने नेताओं से कहा कि यह पार्टी के लिए आराम करने का समय नहीं है। इसी के साथ पीएम मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा, "बीजेपी शासन के तहत पिछले 10 सालों में आम लोगों के सामने चुनौतियां कई गुना बढ़ गई हैं। प्रधानमंत्री गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं की परेशानियों पर बोलने से बचते हैं।"
बैठक में खड़गे की बड़ी बातें
- जम्मू-कश्मीर में भी विधानसभा चुनाव हो सकते हैं, हमें ये भी ध्यान रखना होगा।
- छत्तीसगढ़ और राजस्थान में हमारी राज्य सरकारों ने सामाजिक न्याय का नया मॉडल बनाया है। इसके बारे में हमें पूरे देश को बताना है।
- कांग्रेस ने चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। पिछले 2 महीनों में हमने 20 राज्यों के पदाधिकारियों और प्रमुख नेताओं के साथ विस्तार से बैठक कर वहां की रणनीति बनायी।
- हमें वोटर के साथ लगातार संपर्क में रहना है। उनके सवालों का जवाब देना है। विरोधियों द्वारा फैलायी जा रही झूठी बातों की हमे तुरंत काट करनी है। मुद्दों और तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखनी है।
- हमें अपनी ताकत दिखानी होगी। इस तानाशाह सरकार को हटाकर भारत के लोकतंत्र को बचाना होगा।
- देश बदलाव चाहता है, ये संकेत हमारे सामने है। हाल के चुनावों में कर्नाटक और उसके पहले हिमाचल प्रदेश में हम विजयी रहे, ये इस बात का प्रमाण हैं।
- ये आराम से बैठने का समय नहीं है। दिन-रात मेहनत करनी होगी।
- कर्नाटक में हम एकजुट रहे, जिसका नतीजा सबने देखा।
- जहां हमारी राज्य सरकारें हैं, उनके अच्छे कामों को प्रचारित करना है। हमें ये भी बताना है कि केंद्र सरकार कैसे हमारी सरकारों की प्रगति में रोड़े डालती है।
- जहां हम विपक्ष में हैं, वहां सत्तादल की ख़ामियाँ और जन विरोधी नीतियों को हमें expose करना है।
- मोदी सरकार जनता के मूल-भूत मुद्दों से भटकाने के लिए, नये-नये मसले लाकर distract और divert करने की राजनीति करती है।
- संविधान और लोकतंत्र की बुनियाद कांग्रेस ने रखी है। इसलिए इनकी रक्षा का जिम्मा भी कांग्रेस पर ही है। इसके लिए आखिरी सांस तक लड़ना होगा।
- 2024 में BJP को सत्ता से बेदख़ल करना महात्मा गांधी जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।












Click it and Unblock the Notifications