Mallikarjun Kharge: 'पीएम को हमले की खबर थी', पहलगाम आतंकी हमले पर मल्लिकार्जुन खड़गे का PM Modi पर बड़ा आरोप
Mallikarjun Kharge: पहलगाम हमले के बाद से ही देश में राजनीतिक बयानबाजियों का दौर शुरू हो गया और अभी ये थमने का नाम नहीं ले रहा है। सत्ता पक्ष और विपक्ष की ओर से लगातार एक-दूसरे पर तंज कसने और आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं। इस हमले को लेकर कांग्रेस लगातार बीजेपी पर हमलावर है।
इसी बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सरकार पर खुफिया नाकामी का आरोप लगाया है इसके साथ ही पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई का समर्थन भी जताया

Mallikarjun Kharge का पीएम मोदी पर गंभीर आरोप
झारखंड में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। खड़गे ने दावा किया कि प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर का प्रस्तावित दौरा इसलिए रद्द कर दिया था क्योंकि उन्हें पहले से ही खुफिया एजेंसियों द्वारा एक रिपोर्ट मिली थी, जिसमें 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले की आशंका जताई गई थी।
इस हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें अधिकांश पर्यटक थे। खड़गे ने कहा कि यह हमला एक गंभीर खुफिया विफलता का परिणाम है, जिसे खुद केंद्र सरकार ने भी स्वीकार किया है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब केंद्र को इस तरह की खुफिया जानकारी मिली थी, तो उसने उचित सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए?
Mallikarjun Kharge: खड़गे ने सरकार से मांगा जवाब
खड़गे ने ANI से बातचीत में कहा, "यह खुफिया विफलता है, जिसे सरकार ने खुद स्वीकार किया है और कहा है कि वह इसे सुधारेंगे। लेकिन जब उन्हें पहले से जानकारी थी, तो कुछ किया क्यों नहीं गया? मुझे जानकारी मिली है कि तीन दिन पहले एक खुफिया रिपोर्ट प्रधानमंत्री मोदी को भेजी गई थी, और इसलिए उन्होंने कश्मीर दौरा रद्द कर दिया। मैंने यह बात एक अखबार में भी पढ़ी।"
उन्होंने आगे सवाल किया, "जब सरकार को पहले से जानकारी थी कि हमला हो सकता है, तो पहलगाम में सुरक्षा बल क्यों नहीं बढ़ाए गए? क्या सरकार को उन निर्दोष नागरिकों की मौत की जवाबदेही नहीं लेनी चाहिए?"
खड़गे ने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर कांग्रेस सरकार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा, "पाहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ अगर सरकार कोई भी कदम उठाती है, तो कांग्रेस उसका समर्थन करेगी। देश सर्वोपरि है।"
Mallikarjun Kharge के आरोप पर BJP का पलटवार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए इस बयान पर भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी प्रवक्ता सीआर केसवन ने खड़गे की तुलना 'आधुनिक मीर जाफर' से करते हुए उनके बयान को 'देश के प्रति विश्वासघात' करार दिया है।
केसवन ने कहा, "खड़गे ने जो बयान दिया है वह पूरी तरह से झूठा, बेबुनियाद और जहर उगलने वाला है। यह न केवल प्रधानमंत्री पर बल्कि पूरे देश की सुरक्षा एजेंसियों पर हमला है। उनकी यह टिप्पणी निंदनीय, अक्षम्य और अस्वीकार्य है।" बीजेपी प्रवक्ता ने आगे कहा कि अगर कांग्रेस अध्यक्ष के पास प्रधानमंत्री के खिलाफ दिए गए अपने दावे का कोई प्रमाण है, तो वे सार्वजनिक रूप से सबूत पेश करें, अन्यथा उन्हें बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।
Pahalgam Attack: खुफिया एजेंसियों ने पहले दी थी चेतावनी
बता दें कि कुछ दिन पहले ही हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि, खुफिया ब्यूरो (IB) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने जम्मू-कश्मीर में स्थानीय सुरक्षा अधिकारियों को पर्यटकों को निशाना बनाए जाने की आशंका को लेकर अलर्ट किया था।
यह अलर्ट प्रधानमंत्री मोदी के 19 अप्रैल के प्रस्तावित दौरे और श्रीनगर क्षेत्र के लिए था। लेकिन खराब मौसम के कारण उनका दौरा रद्द हो गया। बाद में हमला पहलगाम में हुआ, जो श्रीनगर से करीब 90 किलोमीटर दूर है।
पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़े कूटनीतिक और आर्थिक कदम उठाए हैं। इनमें सिंधु जल संधि को निलंबित करना भी शामिल है, जो भारत और पाकिस्तान के बीच पानी के बंटवारे को नियंत्रित करती है। इसी बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत पर हमला करने वालों को माकूल जवाब देना मेरा कर्तव्य है।












Click it and Unblock the Notifications