12 साल में ही राष्ट्रपति के पूर्व ADC ने छोड़ी नौकरी, क्या बीच में रिटायरमेंट के कारण नहीं मिलेगी पेंशन?
Major Rishabh Sambhyal: मेजर ऋषभ सिंह संब्याल का नाम पिछले कुछ सालों में भारतीय सेना के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा में रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के Aide-de-Camp (ADC) के तौर पर करीब तीन साल तक जिम्मेदारी संभालने वाले ऋषभ ने अब भारतीय सेना से रिटायरमेंट ले लिया है। करीब 12 साल की सैन्य सेवा के बाद महज 30 साल की उम्र में वर्दी छोड़ने के उनके फैसले ने लोगों को हैरान कर दिया।
NDA से शुरुआत, जाट रेजिमेंट की अगुवाई, 4 पैरा स्पेशल फोर्सेस और फिर राष्ट्रपति भवन तक पहुंचने का उनका सफर काफी खास रहा है। सोशल मीडिया पर उनकी सादगी और व्यक्तित्व के वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें 'नेशनल क्रश' तक कहा जाने लगा। अब सबसे बड़ा सवाल है कि उन्होंने सेना क्यों छोड़ी और रिटायरमेंट के बाद उन्हें पेंशन मिलेगी या नहीं।

12 साल बाद सेना से लिया रिटायरमेंट
मेजर ऋषभ सिंह संब्याल ने भारतीय सेना में करीब 12 साल तक सेवा की। उनके करियर की शुरुआत NDA से हुई थी। उन्होंने 2013 में NDA की परीक्षा पास की और 2014 में 133वें कोर्स के साथ अपनी ट्रेनिंग शुरू की।
ये भी पढ़ें: मेजर ऋषभ सांभ्याल ने की हैं कई शादियां, फ्रॉड के भी आरोप? क्या है पूरी सच्चाई, पूर्व ADC ने खुद बताया
सेना में रहते हुए उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां निभाईं। 2021 की Republic Day Parade में उन्होंने जाट रेजिमेंट के दल का नेतृत्व किया। इस परेड में उनके दल को Best Marching Contingent की ट्रॉफी भी मिली। इसके बाद ऋषभ भारतीय सेना की खास और कठिन यूनिट 4 Para Special Forces का हिस्सा बने। यहां उन्हें प्रतिष्ठित Balidan Badge भी मिला।
राष्ट्रपति के ADC भी रहे
मेजर ऋषभ सिंह संब्याल के करियर का एक बड़ा पड़ाव मार्च 2023 में आया, जब उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के Aide-de-Camp (ADC) के तौर पर चुना गया। राष्ट्रपति भवन में करीब तीन साल की इस जिम्मेदारी के दौरान उन्होंने कई अहम प्रोटोकॉल संभाले। राष्ट्रपति के साथ आने वाले देश-विदेश के मेहमानों से जुड़े कार्यक्रमों में उनकी भूमिका रही। इसके अलावा प्रधानमंत्री कार्यालय के साथ कोऑर्डिनेशन और राष्ट्रपति से जुड़े सुरक्षा व प्रोटोकॉल की जिम्मेदारियां भी उन्होंने निभाईं।
इस दौरान उनके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। उनकी सादगी, अनुशासन और शांत अंदाज को लोगों ने काफी पसंद किया और देखते ही देखते उन्हें सोशल मीडिया पर 'नेशनल क्रश' कहा जाने लगा।
आखिर सेना क्यों छोड़ी?
मेजर ऋषभ के रिटायरमेंट के बाद सबसे ज्यादा चर्चा इसी बात की हुई कि आखिर उन्होंने इतनी कम उम्र में सेना छोड़ने का फैसला क्यों किया।
इस सवाल का जवाब उन्होंने राज शमानी के पॉडकास्ट में दिया। उन्होंने बताया कि उनकी जिंदगी में कुछ ऐसे मोड़ आए, जिनकी वजह से उन्हें यह मुश्किल फैसला लेना पड़ा। यानी उनका सेना से बाहर आने का फैसला अचानक लिया गया कदम नहीं था, बल्कि इसके पीछे उनकी निजी जिंदगी से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण कारण रहे।
करीब 12 साल की सेवा के दौरान उन्होंने लद्दाख जैसी चुनौतीपूर्ण जगहों पर काम किया और कई हाई-रिस्क ऑपरेशंस का हिस्सा रहे। इसके बाद राष्ट्रपति भवन में सख्त प्रोटोकॉल की जिम्मेदारी संभाली।
क्या 12 साल की सेवा पर मिलेगी पेंशन?
मेजर ऋषभ के रिटायरमेंट के बाद उनकी पेंशन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सेना में पेंशन और रिटायरमेंट बेनिफिट्स सेवा की अवधि और रिटायरमेंट के प्रकार समेत कई नियमों पर निर्भर करते हैं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, 20 साल की न्यूनतम सेवा पूरी करने वाले अधिकारियों को सामान्य तौर पर रिटायरमेंट पेंशन का लाभ मिलता है। वहीं, 20 साल से कम सेवा के बाद प्रीमेच्योर रिटायरमेंट लेने वाले अधिकारियों के लिए अलग नियम लागू होते हैं।
मेजर ऋषभ ने करीब 12 साल सेवा की है। ऐसे में उनके रिटायरमेंट बेनिफिट्स को केवल सेवा के वर्षों के आधार पर तय नहीं किया जा सकता। लागू सैन्य नियमों और उनके रिटायरमेंट के प्रकार के आधार पर ग्रेच्युटी, अन्य सेवा लाभ और मेडिकल सुविधाओं की पात्रता तय होगी। पेंशन को लेकर भी अंतिम स्थिति संबंधित सेवा नियमों के आधार पर ही स्पष्ट होगी।
सेना छोड़ने के बाद क्या करेंगे ऋषभ?
वर्दी उतारने के बाद मेजर ऋषभ सिंह संब्याल के सामने करियर के कई रास्ते हो सकते हैं। स्पेशल फोर्सेस और राष्ट्रपति भवन जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने का उनका अनुभव उन्हें सुरक्षा, लीडरशिप और कॉरपोरेट सेक्टर में भी मौके दिला सकता है।
वह स्ट्रैटेजिक सिक्योरिटी एडवाइजरी, कॉरपोरेट लीडरशिप और यूथ एम्पावरमेंट जैसे क्षेत्रों में काम कर सकते हैं। उन्होंने खुद भी संकेत दिए हैं कि आगे वह युवाओं को प्रेरित करने और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कामों पर ध्यान देना चाहते हैं। सेना में 12 साल का अनुभव, कठिन परिस्थितियों में काम करने की ट्रेनिंग और राष्ट्रपति भवन में निभाई गई जिम्मेदारी उनके अगले सफर में बड़ी भूमिका निभा सकती है।
ये भी पढ़ें: राष्ट्रपति के ADC को हर महीने कितनी मिलती है सैलरी? आसान भाषा में समझें वेतन और भत्तों का पूरा गणित


Click it and Unblock the Notifications
