महाराष्ट्र के ठाणे में फार्मा फैक्ट्री में लगी आग, 1 की मौत, 5 घायल
महाराष्ट्र के ठाणे में स्थित फार्मास्युटिकल कंपनी की फैक्ट्री में आग लग गई। इस हादसे में एक वर्कर की मौत हो गई है जबकि 5 लोग घायल हो गए हैं।
महाराष्ट्र के ठाणे में शनिवार की दोपहर में एक फार्मास्यूटिकल फैक्ट्री में आग लगने की खबर सामने आई है। ठाणे के अंबरनाथ में स्थित इस फैक्ट्री में आग लगने की वजह से एक वर्कर की मौत हो गई है जबकि 5 अन्य घायल हुए हैं। मृतक की पहचान सूर्यकांत जीमत के तौर पर हुई है।
ठाणे म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की ओर से कहा गया है कि ब्लू जेट हेल्थकेयर की फैक्ट्री में स्थित केमिकल सेक्शन में ब्लास्ट के बाद आग लग गई, जिसके बाद यह फैक्ट्री के दूसरे हिस्से में फैल गई।

यह हादसा ब्लू जेट हेल्थकेयर के नाइट्रेशन प्लांट में हुआ है। फैक्ट्री के एएमपी गेट के करीब एमआईडीसी की यूनिट संख्या दो के पास हुआ है। ब्ले जेट हेल्थकेयर कंपनी एक्स रे और एमआरआई प्रोसीजर के लिए कंट्रास्ट मीडिया इंटरमीडिएट्स बनाती है। महाराष्ट्र के ठाणे के अलावा कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट शाहद, मलाड और अंबरनाथ इंडस्ट्रियल एरिया में भी है।
ठाणे नगर निकाय के आपदा नियंत्रण प्रकोष्ठ के मुखिया यासीन तड़वी ने बताया कि इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिसकी पहचान सूर्यकांत के रूप में हुई है, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इसके अलावा पांच अन्य लोग इस आग में झुलस गए थे, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि मौके पर दमकल की छह गाड़ियां पहुंची। फिलहाल आग पर नियंत्रण पा लिया गया है। आग लगने की वजह का पता नहीं चल सका है। बता दें कि नाइट्रिक एसिड खुद में काफी ज्वलनशील होता है, यह ऑक्सीजन के एजेंट के तौर पर काम करता है।
घटना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इसकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में दुर्घटनावश मौत का केस दर्ज किया है और इसकी आगे की जांच चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications