बिलकिस बानों के दोषियों की रिहाई पर भाजपा पर बरसीं महुआ मोइत्रा, बोलीं- इन सोचे-समझे आंसुओं से नहीं बनेगी बात
नई दिल्ली, 25 अगस्त। बिलकिस बानों के दोषियों की रिहाई के खिलाफ आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है। सुप्रीम कोर्ट में इन दोषियों की रिहाई के खिलाफ सुनवाई से पहले टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने तीखा हमला बोला है। महुआ ने भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि ये भाजपा की नारी शक्ति ब्रिगेड जिस तरह से सोची-समझी रणनीति के तहत इतनी देर बाद आंसू बहा रही है, उससे अब बात नहीं बनने वाली है। बता दें कि महुआ मोइत्रा ने भी सुप्रीम कोर्ट में इन 11 दोषियों की रिहाई के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। महुआ मोइत्रा के अलावा कई अन्य लोगों ने दोषियों की रिहाई के खिलाफ याचिका दायर की है, जिसपर आज सुप्रीम कोर्ट सुनवाई करेगा।

महुआ मोइत्रा ने ट्वीट करके लिखा, गुजरात के 11 दोषी जिन्हें दुर्लभ से दुर्लभ अपराध के लिए तकनीकी रूप से सफांसी की सजा होनी चाहिए थी। जिंदगी का मतलब तो जिंदगी होता है। बिना किसी ठोस वजह से इन्हें छोड़ देना, माला पहनाना, लड्डू खिलाना उचित नहीं है। भाजपा नारी शक्ति ब्रिगेड जो अब इतनी देर के बाद सोच-समझकर आंसू बहा रही है उससे अब बात नहीं बनेगी।
गौर करने वाली बात है कि सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एनवी रमना आज तीन याचिकाओं पर सुनवाई करेंगे जोकि इन दोषियों के रिहाई के खिलाफ दायर की गई है। सीपीएम नेता सुभाषिनी अली, वकील कपिल सिब्बल, महुआ मोइत्रा, अभिषेक मनु सिंघवी और वकील अपर्णा भट ने यह याचिका दायर की है। गौर करने वाली बात है कि 11 दोषियों को 2008 में बिलकिस बानों के साथ गैंगरेप और उनके परिवार के सदस्यों की गोधरा दंगों के दौरान हत्या के आरोप में दोषी करार दिया गया था और उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। लेकिन इस साल 15 अगस्त को गुजरात सरकार की क्षमा नीति के तहत इन्हें रिहा कर दिया गया।
जिस तरह से इन 11 दोषियों को रिहा किया गया उसका देशभर में विरोध हुआ। लोगों ने इन दोषियों की रिहाई का विरोध करते हुए उन्हें फिर से जेल भेजने की मांग की। जिसके बाद इसको लेकर सुप्रीम कोर्ट में तीन याचिकाएं दायर की गईं। जिसपर सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट तैयार हो गया। वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने कहा कि हमने क्षा के खिलाफ याचिका दायर की है, जिस सिद्धांत पर उन्हें रिहा किया गया है हमने उसे चुनौती दी है।












Click it and Unblock the Notifications