Video: साक्षी ने खोले पति एमएस धोनी से जुड़े कई राज, जानिए मैदान में कूल दिखने वाले माही किस पर उतारते हैं अपना गुस्सा
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी और उनकी पत्नी साक्षी सिंह के बारे में तो सभी जानते हैं। मिसेज धोनी की पॉपुलारिटी की बात करें तो वह अपने पति एमएस धोनी से कम फेमस नहीं हैं। सोशल मीडिया पर साक्षी की तगड़ी फैन फॉलोइंग है। क्रिकेट प्रेमियों के दिलों की धड़कन महेंद्र सिंह धोनी हैं लेकिन इस खिलाड़ी के दिल पर साक्षी सिंह का राज है। बता दें कि आज साक्षी सिंह अपना 32वां जन्मदिन मना रही हैं। इस मौके पर उन्होंने एमएस धोनी के साथ अपने रिश्तों के लेकर कई राज खोले हैं।

32वां जन्मदिन मना रही हैं मिसेज माही
साक्षी सिंह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अक्सर फैंस के साथ अपनी तस्वीरें शेयर करती रहती हैं। क्रिकेट से सन्यास लेने के बाद इन दिनों महेंद्र सिंह धोनी अपना पूरा समय परिवार के साथ बिता रहे हैं। अपने जन्मदिन के मौके पर मिसेज धोनी ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें शेयर की जो अब वायरल हो गई हैं। इस बीच आईपीएल की टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने भी साक्षी और धोनी से जुड़ा एक वीडियो शेयर किया। जहां साक्षी ने पति एमएस धोनी से जुड़े कई राज खोले हैं।

सिर्फ पिता की बात सुनती है बेटी जीवा
इस वीडियो में साक्षी बताती हैं कि वह माही को कितना परेशान करती हैं। साक्षी को कहते हुए सुना जा सकता है कि वह एकमात्र व्यक्ति हैं जो माही को परेशान कर सकता है। इसके अलावा साक्षी ने अपने पारिवारिक जीवन के कुछ राज भी शेयर किए हैं, जो शादय आज से पहले किसी को पता नहीं होगा। वीडियो में साक्षी कहती हैं, 'कहीं और का गुस्सा वह मुझपर उतार देते हैं लेकिन मुझे उससे कोई दिक्कत नहीं है। हमारी क्रिकेट को लेकर कोई बात नहीं होती, जीवा भी सिर्फ अपने पिता की बात सुनती है और किसी की नहीं।'

माही के लिए क्रिकेट उनका बच्चा और प्यार है: साक्षी
साक्षी आगे बताती हैं, 'क्रिकेट माही का पेशा है और वह इसमें पेशेवर हैं। हमरी क्रिकेट पर कोई चर्चा नहीं होती। माही के लिए क्रिकेट उनके बच्चे और प्यार जैसा है आप उनके बारे में बात नहीं कर सकते।' साक्षी ने आगे कहा, जीवा को खाना खिलाने के लिए मुझे 10 बार बोलना पड़ता है लेकिन जब उसके पापा बोलते हैं तो वह एक बार में खा लेती है। यहां तक की जीवा माही की मां शीला आंटी की भी नहीं सुनती, लेकिन जब माही बोलते हैं तो एक बार में ही खाना खत्म कर लेती है।

अच्छा हुआ लंबे बालों में नहीं देखा
वीडियो में साक्षी ने माही के लुक को लेकर भी बात की है। साक्षी को एमएस धोनी के लंबे बाल बिल्कुल पसंद नहीं हैं। साक्षी कहती हैं, अच्छा हुआ कि मैंने माही को कभी लंबे बालों में नहीं देखा। अगर शादी के पहले देख लेती तो मैं उनकी तरफ कभी दोबारा नहीं देखती। लंबे बाल जॉन अब्राहम पर सूट करते हैं लेकिन नारंगी बाल उन पर बिल्कुल सूट नहीं करते थे। बता दें कि धोनी के लंबे बाल उनके फैंस को काफी पसंद थे, एक समय तो युवाओं ने उनकी हेयरस्टाइल को कॉपी करना शुरू कर दिया था। उस दौरान पाकिस्तान के पूर्व पीएम परवेज मुशर्रफ भी धोनी के बालों के मुरीद थे।
यह भी पढ़ें: IPL 2020: 'ग्रेट फिनिशर' कैसे बने महेंद्र सिंह धोनी? , संजय बांगर ने खोला राज












Click it and Unblock the Notifications