Maharashtra: उद्धव की पार्टी को लगे झटके का असर! जाने लोकसभा चुनाव में MVA से मिल रही हैं कितनी सीटें?
महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन महा विकास अघाड़ी (एमवीए) या इंडिया ब्लॉक में शामिल पार्टियों में लोकसभा चुनावों को लेकर सीटों के बंटवारे को जो फॉर्मूला निकल रहा है, उसमें उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) का कद घटता हुआ नजर आ रहा है।
ईटी की एक रिपोर्ट के मुताबिक इस फॉर्मूले के तहत राज्य में कांग्रेस लोकसभा की 20 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। जबकि, शरद पवार की एनसीपी को 10 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का मौका मिल सकता है। वहीं शिवसेना (यूबीटी) 18 सीटों पर प्रत्याशी उतार सकती है।

23 पर अड़ी थी शिवसेना (यूबीटी), 18 से चलाना होगा काम!
बता दें कि उद्धव ठाकरे की अगुवाई में संयुक्त शिवसेना ने 2019 में 23 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 18 पर जीत दर्ज की थी। इस बार भी पार्टी की ओर से शिवसेना में टूट के बावजूद भी 23 सीटों पर ही दावा किया जा रहा था। लेकिन, अब लगता है कि उसकी सहयोगी दलों के साथ सौदेबाजी की हैसियत पर असर पड़ा है।
20,18,10 का फॉर्मूला सबके लिए अच्छा-कांग्रेस नेता
हालांकि, जानकारी के मुताबिक सीट बंटवारे की बातचीत अभी पूरी तरह से फाइनल नहीं हुई है। इस बातचीत की जानकारी रखने वाले एक कांग्रेस नेता ने कहा है, 'हमारा विश्वास है कि 20,18,10 का फॉर्मूला सबके लिए अच्छा है और सबको खुश करने लायक है।'
करीब एक दर्जन सीटों पर फंस रहा है पेच
उन्होंने कहा, 'लेकिन, सबसे बड़ा मुद्दा यह हल करना है कि कौन सी पार्टी किस सीट पर लड़ेगी और हम इसे ही सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं।' उनके मुताबिक करीब एक दर्जन सीटें हैं, जहां सहयोगियों के बीच दावेदारी चल रही है।
शिवसेना की जीती हुई सीटों पर कांग्रेस जता रही है दावा
सबसे ज्यादा विवाद उन सीटों को लेकर हो रहा है, जिसपर 2019 में पूर्ववर्ती शिवसेना जीती थी। इनमें से 13 सांसद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना (असली पार्टी) के साथ रह गए हैं।
कांग्रेस को वीबीए और एसएसएस से भी उम्मीद
कांग्रेस इनमें से अधिकतर सीटों पर यह कहते हुए दावा जता रही है कि अब यहां शिवसेना (यूबीटी) की स्थिति कमजोर हो चुकी है। जहां तक कांग्रेस के लिए जिन 20 सीटों की चर्चा है, उनमें से पार्टी दो सीटें संभावित सहयोगी प्रकाश अंबेडकर की वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) और राजू शेट्टी की स्वाभिमान शेतकरी संगठन (एसएसएस) को देना चाहती है।
प्रकाश अंबेडकर की पार्टी 12 सीटों पर कर रही है दावा- कांग्रेस नेता
अगर दोनों पार्टियां गठबंधन में शामिल होना चाहेंगी तो कांग्रेस वीबीए के लिए अकोला और राजू शेट्टी के लिए हातकणंगले सीटें छोड़ सकती है। लेकिन, ये दोनों दल और ज्यादा सीटों की मांग कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता का कहना है, 'जहां वीबीए की बात है तो वह एमवीए की सभी सहयोगियों को 12-12 सीटें देने की वकालत कर रही है, वहीं राजू शेट्टी भी 4 से 5 सीटें मांग रहे हैं। राजू शेट्टी सीट एक के लिए राजी हो सकते हैं।'
दिल्ली में 14-15 जनवरी को होगी आगे की बात
उन्होंने कहा,'हालांकि हम नहीं कह सकते कि अंबेडकर एक सीट पर डील के लिए मान जाएंगे। हमारे हिसाब से वह गठबंधन को लेकर गंभीर नहीं हैं और इसलिए 12 सीटों की मांग रख दी है।'
सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और एनसीपी (शरद पवार) के नेताओं की 14 और 15 जनवरी को दिल्ली में बैठक होने वाली है, जिसमें स्थित और साफ होने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications