महायुति के लिए आसान नहीं होगा दांव! Ladki Bahin योजना की कैसी तगड़ी काट खोज रहा है MVA?
Maharashtra Vidahn Sabha Chunav: महाराष्ट्र में बीजेपी, शिवसेना और एनसीपी के गठबंधन वाली सत्ताधारी महायुति सरकार हालिया बजट में पेश की गई अपने लोक-लुभावन योजनाओं को लेकर काफी गदगद है।
खासकर 'माझी लाडकी बहीण योजना' से उन्हें उम्मीद है कि लोकसभा चुनावों में जो भी कमियां रह गई थीं, यह योजना विधानसभा चुनावों में उससे उबार लेगी। लेकिन, विपक्षी दलों के गठबंधन महा विकास अघाड़ी (MVA) जल्द ही इस योजना की काट लेकर सामने आने की तैयारी में है।

कांग्रेस को कई राज्यों में इन योजनाओं ने दिलाई है सत्ता
खासकर कांग्रेस पार्टी इसको लेकर बहुत ज्यादा सक्रिय है, जिसे इस तरह की 'चुनावी रेवड़ियां' बांटने का हिमाचल से लेकर कर्नाटक और तेलंगाना तक में बड़ा अनुभव है,जो इसके लिए जीत की गारंटियां बन चुकी हैं।
इन योजनाओं ने तो जादू ही दिया है- मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे
शनिवार को सत्ताधारी महायुति ने एक बैठक की है, जिसमें बजट में शुरू की गई योजना के प्रचार के लिए पदाधिकारियों को जुट जाने को कहा गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एकनाथ शिंदे ने कहा, 'लोकसभा के चुनाव नतीजों के बाद हम थोड़े नकारात्मक हैं, लेकिन इन योजनाओं ने तो जादू ही दिया है और हमने दिखा दिया है कि हम क्या कर सकते हैं....।'
वहीं भाजपा नेता और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गठबंधन के सहयोगियों में एकजुटता पर जोर देते हुए कहा, 'हमें मिलकर लड़ना होगा, हमारे पास 200 से ज्यादा एमएलए हैं। हम निश्चित रूप से 200 से ज्यादा सीटें जीत सकते हैं।'
विधानसभा चुनावों में महिलाओं को ज्यादा रकम देने का दावा कर सकता है विपक्ष
लेकिन, विपक्षी गठबंधन महायुति की इन योजनाओं की काट खोजने में लगा हुआ है। राज्य सरकार ने बजट में महाराष्ट्र की महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपए देने की घोषणा की है। लेकिन, सूत्रों का कहना है कि महा विकास अघाड़ी विधानसभा चुनावों में इससे भी बड़ी रकम का वादा कर सकता है।
लोकसभा चुनाव में महिलाओं को 8,500 रुपए देने के वादे से विपक्ष को फायदा
लोकसभा चुनावों में कांग्रेस की अगुवाई वाला इंडिया ब्लॉक महिलाओं को हर महीने 8,500 रुपए देने का वादा किया था और इस बार इसे जितनी भी सीटें मिली हैं, उसमें उसके इस चुनावी वादे का बहुत ही बड़ी रोल रहा है। महा विकास अघाड़ी में कांग्रेस के अलावा शिवसेना (यूबीटी) और एनसीपी (एससीपी) शामिल हैं।
कांग्रेस को कई राज्यों में मिल चुका है फायदा
इससे पहले कांग्रेस पार्टी हिमाचल प्रदेश से लेकर कर्नाटक और तेलंगाना तक में महिलाओं के लिए इसी तरह की 'महालक्ष्मी योजना' का वादा करके सत्ता पर काबिज हो चुकी है।
हम बड़ी रकम देने का एलान करेंगे-कांग्रेस
टीओआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस के एक रणनीतिकार ने कहा है, 'हम इसका ( 'माझी लाडकी बहीण योजना') काउंटर करने के लिए एक बड़ी रकम का एलान करेंगे।' कांग्रेस को लगता है कि 1,500 से ज्यादा देने का वादा करते ही बाजी उनके पक्ष में पलट सकती है। महाराष्ट्र में लोकसभा चुनावों में एमवीए को 48 में से 30 सीटें मिली हैं, जिससे उसके हौसले पहले से ही बुलंद हैं।
महिलाओं को रेवड़ी बांटने के मामले में कांग्रेस के पास एक कटु अनुभव भी है और पार्टी उसी से सबक लेकर उसका का फायदा महाराष्ट्र में उठाना चाहती है। 2023 में कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनावों के दौरान महिलाओं को 1,500 देने का वादा करने की योजना बना रखी थी। लेकिन, कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने इसे समय से पहले ही सार्वजनिक कर दिया।
मध्य प्रदेश में भाजपा को मिल चुका है फायदा
कांग्रेस के ऐसा कहते ही तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य में पहले से ही चल रही 'लाडली बहन योजना' की रकम 1,000 रुपए से बढ़ाकर 1,250 रुपए कर दी और चुनाव जीतने पर इसे 1,500 रुपए करने का भी वादा कर दिया। भाजपा को विधानसभा चुनावों में जबर्दस्त सफलता मिली और उसका सबसे बड़ा श्रेय इसी योजना को दिया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications