महाराष्ट्र के फ्लोर टेस्ट में समाजवादी पार्टी के दो विधायकों ने किसे वोट दिया, जानिए
महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी के भी दो विधायक हैं। इन दो विधायकों ने किसके पक्ष में वोट किया...
नई दिल्ली। विपक्ष के भारी हंगामे के बीच महाराष्ट्र विधानसभा में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस की गठबंधन सरकार ने फ्लोर टेस्ट पास कर लिया है। इस दौरान भाजपा के सदस्यों ने नारेबाजी करते हुए सदन से वॉकआउट किया। भाजपा ने कहा कि विधानसभा का यह सत्र नियमों के विरुद्ध बुलाया गया है। उद्धव ठाकरे के पक्ष में कुल 169 वोट पड़े। इस दौरान एआईएमआईएम के दो विधायकों और सीपीएम, एमएनएस के एक-एक विधायकों ने ना सरकार के पक्ष में मतदान किया और ना ही विरोध में। महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी के भी दो विधायक हैं। आइए जानते हैं कि उन्होंने किसके पक्ष में वोट किया।

सपा विधायकों ने किसे वोट दिया
सदन में हुए शक्ति परीक्षण के दौरान उद्धव ठाकरे को कुल 169 विधायकों का समर्थन मिला। इस दौरान समाजवादी पार्टी के दो विधायकों अबू आजमी और रईस शेख ने भी उद्धव सरकार के पक्ष में अपना वोट दिया। फ्लोर टेस्ट के बाद समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी ने कहा कि हम सभी को उम्मीद है कि महाविकास अघाड़ी समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलेगी और महाराष्ट्र का विकास करेगी। उन्होंने कहा कि हम महाराष्ट्र के विकास के लिए शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस के गठबंधन वाली इस सरकार के साथ हैं।

'वंदे मातरम के बिना शुरू हुआ सत्र'
इससे पहले सदन से बाहर निकलकर पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'यह विधानसभा सत्र नियमों के अनुसार नहीं बुलाया गया है। सत्र वंदे मातरम के बिना शुरू हुआ, जो नियमों का उल्लंघन है। अगर हम लोगों को संविधान पर बोलने की अनुमति नहीं है तो फिर हमें इस सदन में बैठने का कोई अधिकार नहीं है। महाराष्ट्र विधानसभा के इतिहास में कभी भी अध्यक्ष को चुने बिना विश्वास मत का आयोजन नहीं किया गया। आखिर इस बार किस बात का डर था? सदन के अंदर प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति भी गलत तरीके से की गई है। हम राज्यपाल को एक पत्र सौंपने जा रहे हैं, जिसमें उनसे मांग करेंगे कि सदन की इस कार्यवाही को स्थगित किया जाए।'

दिलीप वालसे पाटिल को चुना गया प्रोटेम स्पीकर
वहीं, विश्वास मत हासिल करने के बाद उद्धव ठाकरे ने सदन में कहा, 'हां, मैंने छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर और अपने माता-पिता के नाम पर भी शपथ ली। अगर यह अपराध है तो मैं इसे फिर से करूंगा।' आपको बता दें कि महाराष्ट्र में शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस के बीच 'महा विकास अघाड़ी' नाम से गठबंधन बनाया गया है। इस गठबंधन के नेता के तौर पर शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को सीएम पद की शपथ ली थी। उद्धव ठाकरे के साथ-साथ तीनों पार्टियों के 2-2 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। हालांकि डिप्टी सीएम के पद को लेकर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। वहीं, एनसीपी के विधायक दिलीप वालसे पाटिल को नया प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया था।

रविवार को होगा स्पीकर का चुनाव
इस बीच खबर है कि तीनों दलों के गठबंधन में स्पीकर का पद कांग्रेस और डिप्टी सीएम का पद एनसीपी को देने पर सहमति बनी है। रविवार को होने वाले स्पीकर के चुनाव के लिए कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी ने अपने-अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बालासाहेब थोराट ने शनिवार को मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि तीनों दलों के गठबंधन की तरफ से नाना पटोले को स्पीकर के पद के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी नेताओं के साथ चर्चा के बाद नाना पटोले का नाम स्पीकर पद के लिए फाइनल किया है। वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने बताया कि उनकी पार्टी की तरफ से किसन कठोरे को स्पीकर पद के लिए उम्मीदवार के तौर पर चुना गया है।












Click it and Unblock the Notifications