महाराष्ट्र चुनाव के बीच कर्ज में दबे किसान ने पेड़ से लटककर की आत्महत्या, बदन पर थी बीजेपी की टी-शर्ट
मुंबई। महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां बढ़ी हुई हैं, इसी बीच चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में एक किसान ने पेड़ से लटककर खुदकुशी कर ली। किसान ने बीजेपी के चुनाव प्रचार की टी-शर्ट पहनी हुई थी। आत्महत्या करने वाले किसान की पहचान 38 साल के राजू तलवड़े के रूप में हुई है।

राजू को बुलढाणा के खटखेड़ गाव में सुबह करीब 8:30 बजे पेड़ से लटकता हुआ पाया गया। उसके शरीर पर बीजेपी की टी-शर्ट थी, जिसपर पार्टी का चुनाव निशान छपा था। टीशर्ट पर 'पुन्हा आनुया आपले सरकार' यानी फिर से हमारी सरकार बनाएं लिखा था। बताया जा रहा है कि ये टी-शर्ट जिले के कार्यकर्ताओं को बांटी गई थी। पुलिस के मुताबिक, किसान कर्ज के बोझ तले दबा था।
बुलढाणा में किसान की आत्महत्या की खबर पर बीजेपी के सहयोगी दल शिवसेना की तरफ से प्रतिक्रिया आई है। शिवसेना ने किसान की आत्महत्या के इस मामले को बेहद गंभीर बताया है। शिवसेना नेता किशोर तिवारी ने सभी दलों से अपील करते हुए कहा कि वे किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लें। उन्होंने कहा कि इस तरह की खुदकुशी खेती के सामने खड़े एक गंभीर संकट की तरफ इशारा करती है।
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मियां बढ़ी हुई हैं, पीएम मोदी से लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी महाराष्ट्र के विभिन्न इलाकों में चुनावी रैलियों को संबोधित कर रहे हैं।
21 अक्टूबर को है महाराष्ट्र में वोटिंग
पीएम मोदी ने विदर्भ में एक चुनावी रैली को संबोधित किया था जबकि राहुल गांधी ने मराठवाड़ा और मुंबई में जनसभाएं की थीं। वहीं, बीजेपी के अध्यक्ष अमित शाह भी पश्चिमी महाराष्ट्र में चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। बता दें कि महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को 288 सीटों पर विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग होगी, जबकि 24 अक्टूबर को चुनावों के नतीजे आएंगे।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications