शिवसेना के 26 पार्षदों और 300 कार्यकर्ताओं ने दिया इस्तीफा, बताई ये वजह
मुंबई। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव को अब ज्यादा समय नहीं बचा है। ऐसे में बीजेपी की सहयोगी पार्टी शिवसेना के लिए मुश्किलें थोड़ी बढ़ सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि शिवसेना के 26 पार्षदों और करीब 300 कार्यकर्ताओं ने पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।

इन्होंने अपने इस्तीफा देने के पीछे की वजह भी बताई है। पार्टी के इन लोगों का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सीटों का बंटवारा जिस तरीके से किया गया है, उससे वह खुश नहीं हैं।
आपको बता दें कि महाराष्ट्र (288 सीटें) में 21 अक्टूबर को मतदान होना है। सत्तारूढ़ बीजेपी इस बार भी वर्तमान मुख्यमंत्री के साथ ही अपनी जीत को दोहराना चाहती है। महाराष्ट्र की 288 सीटों वाली विधानसभा में बीजेपी खुद 164 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और शिवसेना को 124 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े करने का मौका दिया है।
हालांकि, बीजेपी को अपने पास की 164 सीटों में ही आरपीआई, आरएसपी, शिव संग्राम और रयत क्रांति को भी समायोजित करना है।
बीजेपी ने इस बात पर भी हामी भरी है कि वो डिप्टी सीएम की कुर्सी शिवसेना को दे सकती है। हालांकि, कुछ बीजेपी नेता इसे भी चुनावी जुमले की तरह ही समझ और समझा रहे हैं। चुनाव से पहले ही शिवसेना और बीजेपी का आरे के मुद्दे पर मतभेद उभरकर सामने आ गया है।
शिवसेना जहां आरे कॉलोनी में पेड़ों की कटान पर आपत्ति जता रही है, वहीं बीजेपी के लिए मेट्रो प्रोजेक्ट बेहद आवश्यक है। महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस कई बार जता चुके हैं कि मुंबई के आरे में मेट्रो कार शेड हर स्थिति में बनना ही है। इसके लिए आरे के जंगलों के 2700 पेड़ काटे जा सकते हैं, क्योंकि यह इलाका वन क्षेत्र नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications