Maharashtra govt formation:शिवसेना की धमकियों के बीच फडणवीस बोले-जल्द बनेगी सरकार
नई दिल्ली- महाराष्ट्र में एनसीपी और कांग्रेस का समर्थन लेकर सरकार बनाने की शिवसेना नेताओं की धमकियों के बीच बीजेपी नेता और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। फडणवीस ने कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि राज्य में जल्द सरकार का गठन हो जाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले शिवसेना नेता संजय राउत ने भाजपा से दो टूक कह दिया है कि उनकी पार्टी बात सिर्फ मुख्यमंत्री के पद को लेकर ही करेगी। यही नहीं राउत ने शिवसेना को 170 से 175 विधायकों के समर्थन तक का भी दावा कर दिया है। ऐसे में फडणवीस का बयान अहम माना जा रहा है।

महाराष्ट्र के मौजूदा मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने राज्य के अकोला में कहा है कि, "मुझे लगता है कि सरकार गठन को लेकर जारी गतिरोध जल्द खत्म हो जाएगा, क्योंकि आखिरकार सभी लोगों को राज्य की जनता की भलाई के लिए ही काम करना है। मैं उम्मीद करता हूं कि सरकार का गठन जल्द हो जाएगा।"
गौरतलब है कि राज्य में शिवसेना के पास 56 विधायक हैं और उसे उम्मीद है कि वह कांग्रेस के 44 और एनसीपी के 54 विधायकों के अलावा निर्दलीयों के समर्थन से अपना मुख्यमंत्री बनवा सकती है। जबकि, भाजपा के पास 105 विधायक हैं और उसने शिवसेना के साथ गठबंधन के तहत ही चुनाव लड़ा है। लेकिन, अब शिवसेना 50:50 के फॉर्मूले के तहत राज्य में ढाई-ढाई साल तक के लिए मुख्यमंत्री पद पर दावा ठोंक रही है। इसपर भाजपा अभी तक किसी भी सूरत में तैयार नहीं है। जबकि, एनसीपी और कांग्रेस ने शुरू में विपक्ष में बैठने का जनादेश मिलने की बात कहकर अब शिवसेना की ओर से कोई ठोस प्रस्ताव आने के बाद उचित निर्णय लेने की बात कहना शुरू कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications