Mahadayi river row: आज कर्नाटक बंद, IT कर्मचारियों को घर से काम करने की हिदायत
बेंगलुरु। कन्नड़ संगठनों और किसानों ने महादयी नदी या माण्डवी नदी पर चल रहे विवाद के चलते आज कर्नाटक बंद बुलाया है। संगठनों के एक संघ ने आज कर्नाटक में राज्यव्यापी बंद और 4 फरवरी को बेंगलुरु में बंद का ऐलान किया है। खास बात ये है कि जिस दिन बेंगलुरु बंद हैं उसी दिन पीएम मोदी भाजपा की परिवर्तन रैली में हिस्सा लेने के लिए वहां आने वाले हैं। कन्नड़ संगठनों के समर्थकों ने पीएम मोदी से कर्नाटक और गोवा के बीच चल रहे माण्डवी नदी विवाद में हस्तक्षेप करके मामले को सुलझाने की मांग की है।

बंद का समर्थन करें लोग
कन्नड़ संगठनों ने यह फैसला किया है कि वे सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों, लॉरी मालिकों, ईंधन सेवा स्टेशनों, शिक्षा संस्थानों से विनती करेंगे कि वो बंद का समर्थन करें ताकि ये बंद सफल हो सके। रिपोर्ट के अनुसार इस बंद से सामान्य जन-जीवन खासा प्रभावित हो सकता है।

आईटी कर्मचारी घर से काम करें
सुरक्षा को देखते हुए प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के मैनेजमेंट ने आज स्कूल-कॉलेज को बंद करने की सलाह दी है तो वहीं, बेंगलुरु में आईटी कंपनियों ने अपने कर्मचारियों से कहा है कि कर्मचारी छुट्टी लेकर उस दिन घर से काम करें।

माण्डवी नदी या महादयी नदी विवाद
आपको बता दें कि महादयी नदी या माण्डवी नदी कर्नाटक से निकलती है और गोवा होते हुए अरब सागर में मिल जाती है। कर्नाटक बैराज के जरिए इसका पानी उत्तर कर्नाटक के जिलों में भेजना चाहता है जो गंभीर पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं।

गोवा को आपत्ति
जिस पर गोवा को आपत्ति है। उसका कहना है कि इससे न केवल उसके राज्य के लोगों के लिए पानी कम पड़ पाएगा, बल्कि पश्चिम घाट की पारिस्थितिकी पर भी बुरा असर पड़ेगा। वैसे, बीते महीने गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने कहा था कि उनका राज्य महादयी नदी के पानी का उचित बंटवारा करने के लिए तैयार है। इसके बाद गोवा में विरोध शुरू हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications