MP News: मोहन यादव का बड़ा दांव शहरों की बदलेगी तस्वीर, इंदौर से मध्य प्रदेश के अर्बन डेवलपमेंट को मिलेगी नई रफ्तार

मध्य प्रदेश बुनियादी ढांचे, किफायती आवास, जल प्रबंधन और निजी निवेश पर केंद्रित एक व्यापक शहरी विकास रणनीति की रूपरेखा तैयार करता है। शहरी विकास सम्मेलन 2.0 नई नीतियों, महत्वपूर्ण परियोजनाओं और फंडिंग के अवसरों को प्रदर्शित करेगा, जिसमें मुख्यमंत्री कई शिलान्यास और भूमि आवंटन की शुरुआत करेंगे।

मध्य प्रदेश में शहरों की सूरत बदलने और शहरी विकास को नई रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश सरकार अब अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर, किफायती आवास, जल सुरक्षा और निवेश को केंद्र में रखकर विकास की नई रणनीति पर आगे बढ़ रही है। इसी कड़ी में 28 अक्टूबर को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0 का आयोजन किया जाएगा। इस कॉन्क्लेव में शहरों के विकास से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं, नई नीतियों और निवेश के अवसरों पर मंथन होगा। मुख्यमंत्री खुद इस आयोजन में शामिल होंगे और कई विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन तथा लोकार्पण करेंगे।

MP CM Announces Major Urban Plan at Conclave 2.0

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की प्राथमिकता प्रदेश के शहरों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना और उन्हें निवेश के लिहाज से अधिक आकर्षक बनाना है। अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0 इसी दिशा में अहम पहल माना जा रहा है। नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे के मुताबिक, कॉन्क्लेव के जरिए नगरीय विकास से जुड़ी परियोजनाओं, नीतिगत पहलों और नवाचार आधारित समाधानों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

कार्यक्रम में आधुनिक शहरी अधोसंरचना, डिजिटल गवर्नेंस, किफायती आवास, जल प्रबंधन और निजी निवेश की संभावनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सरकार का जोर शहरों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ बढ़ती आबादी की जरूरतों के अनुरूप सुनियोजित विकास सुनिश्चित करने पर है।

आवास से लेकर जल और सीवरेज तक कई परियोजनाओं की सौगात

कॉन्क्लेव के दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश में विभिन्न नगरीय विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन और लोकार्पण करेंगे। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत निर्मित आवास, पुनर्घनत्वीकरण परियोजनाएं, कम्प्रेस्ड बायोगैस संयंत्र, जलप्रदाय, सीवरेज और अन्य नगरीय अधोसंरचना से जुड़े कार्य शामिल हैं।

इन परियोजनाओं के जरिए शहरों में आवासीय सुविधाओं का विस्तार, पेयजल व्यवस्था में सुधार और सीवरेज सहित जरूरी शहरी सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा। सरकार की कोशिश है कि शहरी आबादी को बेहतर सुविधाएं मिलें और शहरों का विकास केवल विस्तार तक सीमित न रहकर नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार भी लाए।

किफायती घरों के लिए नई नीति का होगा ऐलान

शहरी क्षेत्रों में घरों की बढ़ती जरूरत और किफायती आवास की चुनौती को देखते हुए कॉन्क्लेव में मध्य प्रदेश अर्बन अफोर्डेबल हाउसिंग एंड हैबिटेट पॉलिसी 2026 के प्रारूप का विमोचन किया जाएगा। इस नीति का उद्देश्य शहरों में किफायती आवास की उपलब्धता बढ़ाना और आवास क्षेत्र में निजी निवेश को प्रोत्साहित करना है।

नीति के तहत किराये के मकानों, पुनर्विकास, सरकारी जमीन के बेहतर इस्तेमाल और आधुनिक नगर नियोजन के जरिए आवासीय सुविधाओं का विस्तार करने पर जोर रहेगा। इससे शहरी आवास क्षेत्र में नए निवेश और विकास के अवसर तैयार करने की दिशा में पहल की जाएगी।

गंदे पानी से भी मिलेगा विकास को नया आधार

जल संकट और पानी की बढ़ती मांग के बीच सरकार उपचारित अपशिष्ट जल के दोबारा इस्तेमाल पर भी जोर देने जा रही है। कॉन्क्लेव में मध्य प्रदेश ट्रीटेड वेस्टवॉटर रिसाइक्लिंग एंड रीयूज पॉलिसी 2026 के प्रारूप का विमोचन होगा।

इस नीति के जरिए उद्योगों, निर्माण कार्यों, लैंडस्केपिंग और अन्य गैर पेय उपयोगों में उपचारित पानी के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की योजना है। इसका उद्देश्य ताजे पानी के स्रोतों पर दबाव कम करना और शहरों में जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करना है

बड़े प्रोजेक्ट में निवेश जुटाने की तैयारी

अर्बन ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0 में टॉरटॉइस सिटी, सेंट्रल विस्टा भोपाल, हुकुमचंद मिल पुनर्विकास, एकाई सिटी, उज्जैन की टेम्पल बॉन्ड परियोजनाओं, चित्रकूट विकास और फ्लोटिंग सोलर जैसी परियोजनाओं में निवेश की संभावनाएं प्रदर्शित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव चयनित निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ वन टू वन बैठकें भी करेंगे। इन बैठकों में आवास, शहरी अधोसंरचना, अक्षय ऊर्जा, जल प्रबंधन और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी जैसे क्षेत्रों में निवेश और सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा होगी।

सरकार का लक्ष्य विकास परियोजनाओं के लिए निवेश के नए विकल्प तलाशना और वित्तीय संस्थानों तथा निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाना है। इससे प्रदेश में चल रही और प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए वित्तपोषण के अवसर मजबूत करने की कोशिश होगी

Kundan Singh

Deputy Editor, Oneindia

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+