Fantasy League गेम ने बदल दी MP के ड्राइवर शहाबुद्दीन की किस्मत, 49 रुपये लगाए और जीते 1.50 करोड़
मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा में रहने वाला एक ड्राइवर Fantasy League पर मैच खेलकर करोड़पति बन गया है। अब सोश मीडिया पर उसकी चर्चा हो रही है।

'देने वाला जब भी देता, देता छप्पर फाड़ के', ये बॉलीवुड का ये गाना मध्य प्रदेश के एक ड्राइवर पर बिल्कुल सही बैठती है। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में रहने वाले एक ड्राइवर शाहबुद्दीन मंसूरी ने मोबाइल गेम फैंटेसी लीग को खेलकर 1.50 करोड़ रुपये बनाए हैं। रातों-रात शाहबुद्दीन मंसूरी करोड़पति बन गया है।
मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के सेंधवा के वार्ड क्रमांक-3 घोड़ेशाह वली बाबा मोहल्ले में शाहबुद्दीन मंसूरी रहता है। शहाबुद्दीन पेशे से एक ड्राइवर है और वह पिछले 2 साल से ऑनलाइन गेमिंग ऐप फैंटेसी लीग (Fantasy League ) पर टीम बनाकर गेम खेल रहा था।
फैंटेसी लीग खेलकर शहाबुद्दीन बना करोड़पति
पिछले रविवार (2 अप्रैल) को फैंटेसी लीग ऐप पर कोलकाता और पंजाब के बीच हुए आईपीएल मैच में शहाबुद्दीन ने 49 रुपये इंट्री फीस वाली कैटेगरी में अपनी टीम बनाई और खेलते-खेलते पहले स्थान पर पहुंच गया। पहले स्थान पाने पर बतौर इनामी राशि उसे 1.50 करोड़ रुपये मिले। शहाबुद्दीन का कहना है कि वो एक क्रिकेट का फैन है। उसने कभी नहीं सोचा था कि वह इतनी बड़ी रकम जीतेगा।
20 लाख रुपये भी मिले शहाबुद्दीन को
शाहबुद्दीन मंसूरी को फिलहाल 20 लाख रुपये की प्रारंभिक राशि भी मिल गई है, जिसमें से 6 लाख रुपये टैक्स के तौर पर काटे गए हैं। शाहबुद्दीन मंसूरी के 14 लाख रुपये उनके बैंक खाते में जमा किए जाएंगे। शाहबुद्दीन मंसूरी फिलहाल इंटरनेट सेंसेशन बन चुका है।
जीते हुए पैसे से क्या करेगा शहाबुद्दीन मंसूरी?
शाहबुद्दीन मंसूरी का कहना है कि वह एक किराए के घर में रहता है और जीती हुई रकम से वह अपने लिए नया घर बनाना चाहता है। बाकी बची रकम से वह खुद का बिजनेस शुरू करना चाहता है। शहाबुद्दीन ने कहा, ''मैं फिलहाल सेंधवा में एक किराए के मकान में रहता हूं। इसलिए सबसे पहले मेरा सपना है कि इनामी पैसे से मैं अपना खुद का घर बनाऊ। उसके बाद मैं कुछ और अपना काम धंधा करना चाहता हूं। मेरा परिवार फिलहाल बहुत खुश है। मुझे कई बधाई संदेश मिल रहे हैं।''












Click it and Unblock the Notifications