मध्य प्रदेश में भवन विहीन स्कूलों के लिए होगी भवन की व्यवस्था, स्कूल शिक्षा सुधार के लिए तैयार हुई व्यापक कार्ययोजना
मध्य प्रदेश सभी छात्रों के लिए सुरक्षित और उच्च-गुणवत्ता वाले सीखने के माहौल पर ध्यान केंद्रित करते हुए, बुनियादी ढांचे को उन्नत करके, नियमित शिक्षक उपस्थिति सुनिश्चित करके, सुविधाओं का विस्तार करके, माता-पिता की भागीदारी को बढ़ावा देकर और निगरानी और सामाजिक ऑडिट को मजबूत करके स्कूल शिक्षा को बढ़ाने के लिए एक व्यापक रणनीति का अनावरण करता है।
मध्य प्रदेश में स्कूल शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और सुविधायुक्त बनाने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश की स्कूली शिक्षा व्यवस्था में आने वाले समय में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे।

प्रदेश में विद्यार्थियों को बेहतर और सर्वसुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सांदीपनि विद्यालयों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में ऐसे विद्यालयों को भी चिन्हित किया गया है, जो भवन विहीन हैं या जिनकी कक्षाएं अन्य विद्यालयों के भवनों में संचालित हो रही हैं। ऐसे विद्यालयों में आवश्यकता के अनुसार भवन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
कार्ययोजना के तहत विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति का नियमित आकलन किया जाएगा। शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ उसे लगातार बेहतर बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। विद्यार्थियों की संख्या और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त कक्षों के निर्माण की व्यवस्था भी की जाएगी।
विद्यार्थियों के लिए आवश्यकतानुसार छात्रावास सुविधाओं के विस्तार पर भी ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) नियमित रूप से आयोजित करने की व्यवस्था की जाएगी। विद्यालय के पूर्व छात्रों को भी विद्यालयों से जोड़कर उनकी सुविधाओं और विकास में सहयोग लिया जाएगा।
स्कूलों की नियमित होगी निगरानी
कार्ययोजना के तहत सभी विद्यालयों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। विद्यालयों में सोशल ऑडिट की व्यवस्था भी की जाएगी, जिसके लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का सहयोग लिया जाएगा।
विद्यालय भवनों की रंगाई-पुताई, पेयजल व्यवस्था और अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है। विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ एवं उपयोगी शौचालय उपलब्ध कराने के साथ कक्षाओं में बेहतर और उपयोगी ब्लैकबोर्ड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
मौसम और सुरक्षा व्यवस्था पर भी फोकस
बारिश सहित मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। विद्यालय परिसरों में अनधिकृत रूप से वीडियो निर्माण अथवा अन्य गतिविधियों पर रोक लगाने की व्यवस्था भी की जाएगी। मध्याह्न भोजन व्यवस्था की भी समीक्षा की जाएगी। इसमें किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसे तत्काल दूर करने के निर्देश दिए जाएंगे।
निजी विद्यालयों के संचालन पर भी ध्यान
सरकारी विद्यालयों के साथ-साथ निजी विद्यालयों के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। कार्ययोजना के तहत स्कूलों की व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं और शैक्षणिक गतिविधियों की नियमित निगरानी की जाएगी।
सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना लक्ष्य
इस कार्ययोजना का उद्देश्य केवल विद्यालयों में अधोसंरचना उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और सुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है। विद्यालयों की नियमित निगरानी, शिक्षकों की उपस्थिति, अभिभावकों की भागीदारी, सोशल ऑडिट और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के माध्यम से प्रदेश की स्कूल शिक्षा व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जाएगा।


Click it and Unblock the Notifications
