MP में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा से बदलेगी बस यात्रा की तस्वीर, 15 हजार से अधिक बसें चलाने का लक्ष्य
मध्य प्रदेश सरकार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंच बढ़ाने के लिए सुगम परिवहन सेवा का विस्तार कर रही है। पीपीपी भागीदारी, डिजिटल टिकटिंग, आईटीएमएस और इलेक्ट्रिक बसों के साथ, इस पहल का उद्देश्य मोबिलिटी विजन 2030 के तहत सुरक्षा, विश्वसनीयता और दक्षता में सुधार करना है, साथ ही कार्बन उत्सर्जन को कम करना है।
भोपाल: मध्य प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर शुरू की गई इस सेवा में निजी बस ऑपरेटरों की भागीदारी के साथ डिजिटल टिकटिंग, यात्री सुरक्षा और आधुनिक तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है।

मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (MPYPIL) इस योजना के क्रियान्वयन और विस्तार की दिशा में काम कर रहा है। इसके तहत शहरी, ग्रामीण और अंतरराज्यीय बस सेवाओं को एक नेटवर्क से जोड़ने की योजना है। साथ ही आधुनिक बस डिपो, टर्मिनल, अंतरराज्यीय बस अड्डे और इलेक्ट्रिक वाहनों से जुड़ी सुविधाएं विकसित करने पर भी काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा को प्रदेश के अधिक से अधिक क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए मध्य प्रदेश मोबिलिटी विजन 2030 के तहत कई लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। इनमें 15 हजार से अधिक सार्वजनिक बसों का संचालन, 5 करोड़ से ज्यादा डिजिटल टिकट जारी करना और 75 प्रतिशत ग्राम पंचायतों तक बस सेवा की पहुंच सुनिश्चित करना शामिल है।
इसके अलावा प्रतिदिन 30 लाख से अधिक यात्रियों को परिवहन सुविधा देने, 80 से अधिक बस डिपो और टर्मिनल विकसित करने तथा इलेक्ट्रिक बसों के माध्यम से हर साल 70 हजार टन से अधिक कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी लाने का लक्ष्य रखा गया है।
इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए राज्य सरकार निजी क्षेत्र के साथ सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) को बढ़ावा दे रही है। स्वच्छ ईंधन और इलेक्ट्रिक बसों के इस्तेमाल के जरिए ऐसी परिवहन व्यवस्था तैयार करने पर ध्यान दिया जा रहा है, जो यात्रियों की जरूरतों के साथ आर्थिक रूप से भी टिकाऊ हो।
निजी बस ऑपरेटरों की भागीदारी से सुधरेगी सेवा
योजना के तहत निजी बस ऑपरेटरों के चयन के लिए पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। बसों के संचालन और अनुबंध को इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) से जोड़ा जा रहा है। बसों की नियमितता, सेवा की गुणवत्ता और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सेवा स्तर समझौते (SLA) और प्रदर्शन के मानक तय किए जा रहे हैं।
ऑपरेटरों को बेहतर संचालन के लिए बसों के रखरखाव, चार्जिंग और संचालन से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इसके साथ ही चालकों, परिचालकों, रखरखाव कर्मचारियों और प्रशासनिक कर्मियों के प्रशिक्षण की व्यवस्था भी विकसित की जा रही है। स्वच्छ ईंधन वाली तकनीक अपनाने वाले ऑपरेटरों को प्रोत्साहन देने और बस संचालन की समय-सारिणी तय करने में प्राथमिकता देने का भी प्रावधान रखा गया है।
ITMS से बसों की लाइव लोकेशन और डिजिटल टिकटिंग
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा में तकनीक की मदद से बस संचालन, टिकटिंग और यात्री सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को एकीकृत किया जा रहा है। ITMS के जरिए बसों की निगरानी और संचालन में पारदर्शिता बढ़ाने का प्रयास है।
इस व्यवस्था के तहत यात्रियों को कई आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। इनमें बसों की लाइव लोकेशन, डिजिटल टिकटिंग, ऑनलाइन किराया संग्रह, सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन और यात्री मोबाइल ऐप शामिल हैं। मोबाइल ऐप के जरिए यात्री बसों की जानकारी प्राप्त करने, टिकट या पास खरीदने और अपनी यात्रा की योजना बनाने में सक्षम होंगे।
इसके अलावा एकीकृत कमांड-कंट्रोल सेंटर के माध्यम से बस संचालन की निगरानी की जाएगी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से रूट और यात्रियों की मांग का आकलन कर जरूरत के अनुसार बसों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी काम किया जा रहा है।
ऑपरेटरों की आय बढ़ाने और यात्रियों को बेहतर सुविधा देने पर जोर
योजना में बस ऑपरेटरों की आय बढ़ाने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। आय में होने वाले नुकसान को कम करने के लिए शत-प्रतिशत ई-टिकटिंग और वीडियो ऑडिट व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
टिकट बिक्री और किराया संग्रह का डिजिटल रिकॉर्ड रखने के साथ रूट और यात्रियों की मांग का विश्लेषण कर बसों का बेहतर उपयोग करने की योजना है। टिकट से होने वाली कमाई के अलावा कार्गो सेवाओं और विज्ञापनों के जरिए ऑपरेटरों के लिए अतिरिक्त आय के अवसर भी विकसित किए जा रहे हैं।
यात्रियों की संख्या बढ़ाने के लिए बसों के नियमित फेरे, मोबाइल ऐप पर परिवहन संबंधी जानकारी और सुरक्षित बस स्टॉप एवं टर्मिनल जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। डिजिटल भुगतान पर छूट और नियमित यात्रियों को प्रोत्साहन देने के विकल्पों पर भी काम किया जा रहा है।
सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाने की पहल
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के जरिए प्रदेश में बस नेटवर्क का विस्तार करने के साथ परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने का प्रयास किया जा रहा है। निजी भागीदारी, डिजिटल तकनीक और आधुनिक निगरानी प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को नियमित बस सेवाएं उपलब्ध कराने तथा ऑपरेटरों को बेहतर संचालन के अवसर देने पर जोर है।


Click it and Unblock the Notifications
