मध्य प्रदेश में गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता का कल आखिरी दिन, पशुपालकों को मिलेंगे ₹1 लाख तक के इनाम

मध्य प्रदेश डेयरी उत्पादन और उन्नत स्वदेशी पशु नस्लों के संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए गोपाल-कृष्ण ग्राम डेयरी पुरस्कार शुरू कर रहा है। पशुपालन और डेयरी विभाग के समर्थन वाली यह पहल, पहले वर्ष में 208 वृंदावन गांवों में चलेगी, जिसमें 3.64 करोड़ रुपये के 624 पुरस्कार होंगे। 2027-28 से, यह सभी 313 ब्लॉकों में विस्तारित होगी।

भोपाल: मध्य प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने और देशी नस्ल की उन्नत गायों के पालन को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित की जा रही गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता का शनिवार, 31 अक्टूबर को अंतिम दिन है। पशुपालन एवं डेयरी विभाग की ओर से यह प्रतियोगिता पहले वर्ष चयनित प्रदेश के 208 वृंदावन ग्रामों में आयोजित की जा रही है। 27 अक्टूबर से शुरू हुई यह प्रतियोगिता 31 अक्टूबर तक चलेगी।

Gopal-Krishna Gram Dairy Awards to Boost Native Cattle

प्रतियोगिता में सबसे अधिक दूध देने वाली गायों के पशुपालकों को उनके प्रदर्शन के आधार पर पुरस्कृत किया जाएगा। इसमें सभी वर्गों के पशुपालक हिस्सा ले सकते हैं। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पशुपालक को एक लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर आने वाले को 50 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अनुसार, गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता के तहत कुल 624 पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाले पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के लिए करीब 3 करोड़ 64 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी।

राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना के अंतर्गत गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के क्रियान्वयन को भी स्वीकृति दी है। इस पहल का उद्देश्य पशुपालन को लाभकारी व्यवसाय बनाना और ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों की आमदनी बढ़ाना है।

देशी नस्ल की गायों के संरक्षण पर जोर

योजना के तहत गिर, साहीवाल, थारपारकर, मालवी, निवाड़ी सहित अन्य उन्नत अधिसूचित स्वदेशी नस्लों के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुरस्कार के रूप में मिलने वाली राशि का शत-प्रतिशत उपयोग देशी गोवंश की खरीद, संरक्षण और संवर्धन के लिए ही किया जा सकेगा।

विभाग का मानना है कि इस प्रतियोगिता से पशुपालकों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और बेहतर नस्ल की गायों के पालन के प्रति जागरूकता आएगी। इससे प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के साथ पशुपालकों की आय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

2027-28 से सभी 313 विकासखंडों में होगी प्रतियोगिता

योजना के दूसरे वर्ष यानी 2027-28 से 2030-31 तक प्रदेश के सभी 313 विकासखंडों में विकासखंड स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके माध्यम से अधिक से अधिक पशुपालकों को योजना से जोड़ने और वृंदावन ग्रामों को दुग्ध उत्पादन तथा देशी गोवंश के संरक्षण-संवर्धन के आदर्श केंद्र के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

विकासखंड और जिला स्तर पर गठित की गई समितियां

प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विकासखंड और जिला स्तर पर समितियों का गठन किया गया है। विकासखंड स्तरीय समिति में अनुभाग अधिकारी (राजस्व) के साथ पशुपालन एवं डेयरी विभाग के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारी समिति के सदस्य सचिव होंगे।

यह समिति प्रतिभागियों से आवेदन प्राप्त करने, उनका संकलन और परीक्षण करने तथा प्रतियोगिता आयोजित कराने की जिम्मेदारी निभाएगी। प्रतियोगिता के परिणामों की जांच के बाद उन्हें जिले के उपसंचालक, पशुपालन एवं डेयरी को भेजा जाएगा।

जिला स्तरीय समिति में जिला कलेक्टर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी, उपसंचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग तथा उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं शामिल होंगे। उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी समिति के सदस्य सचिव होंगे। यह समिति विकासखंड स्तर से प्राप्त प्रस्तावों का निर्धारित मापदंडों के अनुसार परीक्षण और सत्यापन करेगी तथा पुरस्कार विजेताओं के नाम स्वीकृत करेगी।

एक परिवार से एक ही प्रतिभागी ले सकेगा हिस्सा

योजना के तहत वृंदावन ग्राम या विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में एक परिवार से केवल एक प्रतिभागी या एक गाय को शामिल होने की अनुमति होगी। इस प्रतियोगिता के जरिए सरकार का लक्ष्य प्रत्येक ग्राम में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना, उत्कृष्ट दूध देने वाली गायों की पहचान करना, उन्नत देशी नस्लों का संरक्षण करना और पशुपालकों की आय में वृद्धि करना है। साथ ही, प्रदेश के गांवों को दुग्ध उत्पादन और देशी पशुधन संवर्धन के आदर्श केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भी काम किया जाएगा।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+