MP News: सीएम मोहन यादव बोले- नशा नाश की जड़, बड़वानी में बनेगा वन औषधि शोध संस्थान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नशामुक्त समाज की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला और सामाजिक सुधार में शिवपंथी समुदाय की भूमिका की सराहना की। उन्होंने डेयरी विस्तार, वन औषधीय अनुसंधान और आदिवासी अधिकारों के लिए सरकारी समर्थन का वादा किया, साथ ही आध्यात्मिक और सामाजिक बदलाव को बनाए रखने के लिए सामूहिक कार्रवाई का आग्रह किया।

भोपाल/बड़वानी, 26 अक्टूबर 2026: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नशा नाश की जड़ है और अपने साथ बुराइयां एवं विकृतियां लेकर आता है। समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सभी लोगों को मिलकर प्रयास करना होगा। मुख्यमंत्री बड़वानी जिले के अजगरिया गांव में शरद पूर्णिमा के अवसर पर शिवपंथी समुदाय द्वारा आयोजित नशामुक्ति कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नशे से दूर रहने और सादा जीवन अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

Drug-Free MP: CM Praises Shivpanthi Efforts

मुख्यमंत्री ने शिवपंथ के संस्थापक वनसिंह महाराज और उनके बताए मार्ग पर चल रहे कालूसिंह महाराज एवं सुमली माताजी के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने नशामुक्ति के क्षेत्र में शिवपंथ समुदाय द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मनुष्य जीवन अनमोल है और इसे नशे की प्रवृत्ति में व्यर्थ नहीं गंवाना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को ऐसा कार्य करना चाहिए, जिससे उसके जीवन की सार्थकता सिद्ध हो सके। उन्होंने कहा कि शिवपंथ समुदाय आध्यात्मिकता और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी संकल्प है कि वर्ष 2029 तक देश और मध्यप्रदेश को नशे की बुराई से मुक्त करने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाएं। यह लक्ष्य तभी हासिल हो सकता है, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति नशे से दूर रहने का संकल्प ले।

उन्होंने कहा कि नशामुक्ति को जनआंदोलन बनाने के लिए सरकार और समाज को मिलकर काम करना होगा। जनसहयोग और जनभागीदारी से बड़े से बड़ा लक्ष्य भी प्राप्त किया जा सकता है।

दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देगी राज्य सरकार

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में मनाए जा रहे किसान कल्याण वर्ष का उल्लेख करते हुए ग्रामीण किसानों को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और गौशालाओं के संचालन को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान उपलब्ध कराएगी।

उन्होंने बताया कि किसान अपनी गायों का दूध समितियों के माध्यम से बेचकर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं। दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से बोनस का भी प्रावधान है। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से दूध के सेवन को बढ़ावा देने और नशे की प्रवृत्ति से दूर रहने का आह्वान किया।

बड़वानी में बनेगा वन औषधि शोध संस्थान

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बड़वानी जिले के विकास के लिए कई घोषणाएं कीं। इनमें वन औषधियों के संरक्षण और शोध को बढ़ावा देने के लिए बड़वानी में वन औषधि शोध संस्थान की स्थापना भी शामिल है। मुख्यमंत्री द्वारा घोषित प्रमुख विकास कार्य इस प्रकार हैं:

* खुपजदेव धाम: ग्राम में धाम का निर्माण और वहां तक सड़क बनाने की घोषणा।* छात्रावास: ग्राम अजगरिया में बालकों और बालिकाओं के लिए 100-100 सीटर छात्रावास बनाए जाएंगे।* पांजरिया (ध): 50 लाख रुपये की लागत से सर्वसुविधायुक्त शेड का निर्माण होगा।* धवली: गांव में पुलिस चौकी स्थापित की जाएगी।* बारेली भाषा: भाषा के संरक्षण और विकास के लिए दस्तावेजों का संरक्षण एवं शोध किया जाएगा।* सिकल सेल रोग: बीमारी की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं, जांच, परामर्श और उपचार पर जोर दिया जाएगा।* वन औषधि संरक्षण: बड़वानी में वन औषधि शोध संस्थान बनाया जाएगा।* वन अधिकार पट्टे: पात्र जनजातीय ग्रामीणों को शेष वन अधिकार पट्टे देने और पहले से मिले पट्टों की रजिस्ट्री कराने की बात कही गई।

क्या है शिवपंथी संगठन?

शिवपंथी सत्संग संगठन ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से नशामुक्ति के लिए जागरूकता अभियान चला रहा है। संगठन आध्यात्मिकता, सत्संग और गुरु परंपरा के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करता है।

संगठन का मानना है कि आध्यात्मिक गतिविधियों और सत्संग से व्यक्ति को आंतरिक शांति मिलती है, जिससे वह नशे जैसी बुराइयों से दूरी बना सकता है।

दीक्षा के लिए सवा माह तक ब्रह्मचर्य का संकल्प

शिवपंथ में गुरु-शिष्य परंपरा के तहत दीक्षा लेने वाले व्यक्ति को कठोर संकल्प का पालन करना होता है। संगठन के अनुसार, दीक्षा की प्रक्रिया में लगभग सवा माह यानी 38 दिनों तक ब्रह्मचर्य का पालन करना शामिल है। संकल्प पूरा करने के बाद ही शिष्य को गुरु परंपरा में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। इस परंपरा में महिलाओं को भी दीक्षा दी जाती है।

शरद पूर्णिमा पर बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण

बड़वानी जिले के अजगरिया गांव के सुदूर पहाड़ी क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम में भगवान शिव का स्मरण किया गया और रातभर भजनों की प्रस्तुतियां हुईं।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को दूध प्रसादी और चावल की खिचड़ी भी वितरित की गई। आयोजन का मुख्य उद्देश्य आध्यात्मिकता के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश फैलाना और समाज को इस दिशा में सामूहिक प्रयासों के लिए प्रेरित करना रहा।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+