दिग्विजय सिंह के लिए 'हठ योग' करने वाले कंप्यूटर बाबा अब नई मुसीबत में घिरे
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश ( Madhya Pradesh) की राजधानी भोपाल में पूर्व सीएम और कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह के लिए आयोजित संतों का हठयोग कार्यक्रम विवादों में घिर गया है। कंप्यूटर बाबा की अगुआई में संतों ने भोपाल में हठ योग का आयोजन किया था, जिसपर भोपाल के जिला कलेक्टर ने जांच के आदेश दे दिए हैं। इस मामले में इसकी भी जांच की जाएगी कि कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह (Digvijaya Singh) की क्या भूमिका थी।

भोपाल के डीएम ने दिए आयोजन के जांच के आदेश
भोपाल जिला कलेक्टर के आदेश के मुताबिक, प्रशासन इस बात की जांच करेगा कि कंप्यूटर बाबा समेत अन्य संतों द्वारा आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम की अनुमति ली गई थी या नहीं। साथ ही इसकी भी जांच की जाएगी कि कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह की इसमें क्या भूमिका थी। इसमें आयोजन का खर्च भी शामिल है। बता दें कि दिग्विजय सिंह के समर्थन में ये हठ योग किया गया था।
बीजेपी ने की थी चुनाव आयोग से शिकायत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीजेपी ने इस कार्यक्रम की चुनाव आयोग से शिकायत की थी। भोपाल जिला कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी सुदामा खांडे ने इस शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय खबरों के मुताबिक, समागम के आखिरी दिन आज आयोजन स्थल से अब साधु-संत वहां से जा चुके हैं। आयोजन स्थल पर धीरे-धीरे खाली हो रहा है।

कंप्यूटर बाबा ने दिग्विजय सिंह के लिए रोड शो भी किया
बता दें कि बीजेपी का साथ छोड़ कांग्रेस में आए कंप्यूटर बाबा लगातार भोपाल में दिग्विजय सिंह के लिए कैंपेन कर रहे हैं। बुधवार को कंप्यूटर बाबा ने कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह के समर्थन में एक रोड शो किया। हालांकि, इस दौरान भी विवाद बढ़ गया जब रोड शो में मध्य प्रदेश पुलिस को सिविल ड्रेस में ड्यूटी में लगाया गया था और भगवा गमछा पहने पुलिसकर्मी नजर आए थे। इसी दौरान कुछ महिला पुलिसकर्मियों से जब भगवे साफा के बारे में पूछा गया तो उन्होंने जवाब दिया कि उन्हें ऐसा करने को कहा गया है।












Click it and Unblock the Notifications