हैदराबाद आ रही लुफ्थांसा फ्लाइट को मिली बम की धमकी, जर्मनी के फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर करना पड़ा यू-टर्न
Lufthansa flight bomb Threat: जर्मनी की प्रमुख एयरलाइन लुफ्थांसा की हैदराबाद के लिए रवाना हुई एक फ्लाइट को बम की धमकी के बाद भारत में लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली। जिसके बाद विमान को बीच रास्ते से ही वापस फ्रैंकफर्ट लौटना पड़ा। इस घटना ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।
लुफ्थांसा की यह फ्लाइट जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से भारत के हैदराबाद के लिए रवाना हुई थी जो सोमवार, 16 जून को लैंड होने वाली थी। उड़ान के दौरान विमान को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद इंडियन एयर स्पेस में प्रवेश से पहले ही विमान को लौटने का निर्देश दिया गया।

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, लुफ्थांसा एयरलाइंस ने बयान जारी कर कहा कि "हमें हैदराबाद में उतरने की अनुमति नहीं दी गई, इसलिए विमान को यू-टर्न लेना पड़ा और वह फ्रैंकफर्ट लौट आया।"
हैदराबाद एयरपोर्ट अधिकारियों ने भी दी पुष्टि
हैदराबाद एयरपोर्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने भी इस घटना की पुष्टि की और बताया कि बम धमकी उस समय मिली जब विमान भारतीय हवाई क्षेत्र के बाहर था। उन्होंने कहा, "सुरक्षा एजेंसियों को मिली जानकारी के अनुसार, खतरे की आशंका को देखते हुए विमान को भारतीय सीमा में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी गई।" इस कारण, विमान को अपने मूल प्रस्थान स्थल - फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट - की ओर लौटना पड़ा।
सुरक्षा कारणों से लिया गया फैसला
एयरलाइन ने यह स्पष्ट किया कि15 जून 2025 को शाम 6:01 बजे हैदराबाद एयरपोर्ट पर लुफ्थांसा फ्लाइट LH 752 को निशाना बनाकर बम की धमकी वाला ईमेल मिला। बम की धमकी आकलन समिति का गठन किया गया और SOP के अनुसार सभी प्रक्रियाओं का पालन किया गया। सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए, एयरलाइन को मूल स्थान या निकटतम उपयुक्त हवाई अड्डे पर वापस जाने की सलाह दी गई।
धमकी की प्रकृति, स्रोत, और यात्री सूची के बारे में अभी तक कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। संबंधित एजेंसियां मामले की गहन जांच कर रही हैं।
13 जून को एयर इंडिया फ्लाइट को भी मिली थी बम की धमकी
यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब कुछ ही दिन पहले, 13 जून को एयर इंडिया की फ्लाइट AI 379 को भी बम की धमकी के चलते आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी थी। यह फ्लाइट फुकेट (थाईलैंड) से नई दिल्ली के लिए उड़ान पर थी। उड़ान सुबह 9:30 बजे शुरू हुई थी, लेकिन थोड़ी ही देर में बम धमकी मिलने पर विमान को फुकेट एयरपोर्ट पर वापस लैंड कराना पड़ा। उस घटना में भी यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तुरंत आवश्यक कदम उठाए गए थे।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की बढ़ी सुरक्षा चिंताएं
लगातार दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बम धमकी मिलने की घटनाओं ने भारत में आने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की सुरक्षा को लेकर अलर्ट बढ़ा दिया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय, सुरक्षा एजेंसियां और संबंधित एयरलाइनों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। जांच एजेंसियां यह जानने की कोशिश कर रही हैं कि क्या इन दोनों घटनाओं के पीछे किसी एक ही संगठन या व्यक्ति का हाथ है, या ये दो अलग-अलग घटनाएं हैं।
इसके अलावा, एयरपोर्ट पर सुरक्षा चेक्स और उड़ानों की निगरानी भी और सख्त कर दी गई है। इन घटनाओं के बीच सरकार ने यह स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी एयरलाइनों को निर्देशित किया गया है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को तुरंत रिपोर्ट किया जाए और हर आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें।












Click it and Unblock the Notifications