LPG Price Hike: बोले राहुल गांधी-'जनता को भूखे पेट सोने पर मजबूर करने वाला मित्र छाया में सो रहा'
नई दिल्ली, 01 सितंबर। आज एक बार फिर से एलपीजी सिलेंडर के मंहगे होने पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने इस बारे में एक ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने एक जनवरी से लेकर सितंबर तक के चार महानगरों के घरेलू सिलेंडरों के दामों के बारे में बताया है। सिलेंडर के दामों को लिखते हुए उन्होंने ट्वीट किया है कि 'जनता को भूखे पेट सोने पर मजबूर करने वाला ख़ुद मित्र-छाया में सो रहा है...लेकिन अन्याय के खिलाफ देश एकजुट हो रहा है।'
Recommended Video

वैसे ये कोई पहला मौका नहीं है, जब सिलेंडर का दाम बढ़े हैं, इससे पहले भी जब 18 अगस्त को सिलेंडर के दाम बढ़े तो भी उन्होंने फेसबुक पर पीएम मोदी और उनकी सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने तब फेसबुक पर एक तस्वीर शेयर की थी, जिसमें एलपीजी के बढ़ते दामों को दिखाया गया था। इस फोटो को शेयर करते हुए राहुल गांधी ने तंज कसा था कि 'जुमलों का सच है जनता के सामने उल्टा विकास हुआ पिछले 7 साल में।'
घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 25 रुपये बढ़ा दी गई
मालूम हो कि आज गैर सब्सिडी घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 25 रुपये बढ़ा दी गई है। जिसके बाद राजधानी में 14.2 किलो वाले LPG सिलेंडर का दाम बढ़कर 884.50 रु. हो गया है। आज केवल घरेलूसिलेंडर के दाम नहीं बढ़े हैं बल्कि आज 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर भी महंगा हो गया है, अब उसकी कीमत 1693 रुपये हो गया है। अगर जनवरी से अब तक की बात करें तो अब तक गैस सिलेंडर की कीमतों में 165 रूपए का इजाफा हो चुका है।

गौरतलब है कि राहुल गांधी अक्सर Tax Extortion, किसानों के प्रदर्शन, चीन, सुरक्षा के मुद्दे, पेट्रोल के रेट, महंगाई और कोरोना को लेकर सरकार पर तंज कसते रहते हैं।उन्होंने हाल ही में कहा था कि 'हम महंगाई, पेगासस और किसानों के जैसे ज्वलंत मुद्दों पर कोई समझौता नहीं करना चाहते। मोदी सरकार हमारे देश के लोकतांत्रिक मूल्यों पर आक्रमण बंद करे। सब सामान महंगा होता जा रहा है- उपभोक्ता परेशान हैं। लेकिन क्या इसका थोड़ा भी फ़ायदा छोटे उत्पादक, दुकानदार या किसान को हो रहा है? नहीं! क्यूँकि ये महंगाई असल में मोदी सरकार की अंधाधुंध टैक्स वसूली है।'












Click it and Unblock the Notifications