Bhopal Lok Sabha: क्या भोपाल सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर का कटेगा टिकट, जानिए चाय की दुकान पर क्या है माहौल
Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर राजनीतिक दलों के साथ लोगों में भी अपने सांसद को लेकर चर्चाएं चल रही है कि सांसद ने पिछले 5 सालों में क्या किया। भोपाल से मौजूदा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को लेकर लोगों के बीच क्या माहौल इसे जानने के लिए वन इंडिया हिंदी टीम लगातार भोपाल के सभी क्षेत्र में जाकर जमीनी हकीकत पता करने की कोशिश कर रही है।
जेके रोड पर स्थित चाय की दुकान पर लोकसभा चुनाव 2024 के मुद्दों को लेकर चर्चा की गई तो लोगों ने बताया कि लोग मोदी सरकार की योजनाओं से खुश हैं, लेकिन बढ़ती महंगाई से परेशान हैं। इससे दिखता है कि लोग सरकार के कदमों की प्रशंसा करते हैं, लेकिन आर्थिक मुद्दों पर चिंतित हैं।

वहीं स्थानीय सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को लेकर लोगों ने कहा कि वे अच्छी सांसद है। उनकी कार्यशैली व सेवाओं को देखकर हम उन्हें पसंद करते हैं। स्थानीय नागरिक बाबूलाल प्रजापति ने कहा कि हमने पिछले चुनाव 2019 में उन्हें नहीं, बल्कि पीएम मोदी के फेस को देखकर वोट दिया था।
राजधानी के गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में भोपाल सांसद को लेकर को लेकर लोगों ने कहा कि हमें संसद का तो नहीं पता लेकिन हमारी विधायक कृष्णा गौर ने क्षेत्र के लिए बहुत काम किए हैं। पिपलानी थाना क्षेत्र में स्थित चाय की दुकान से लेकर ऑटो चलाने वालों ने बताया कि उन्हें केंद्र की आयुष्मान योजना का फायदा मिल रहा है, अब इलाज के लिए उन्हें किसी से पैसे मांगने की जरूरत नहीं पड़ती। हालांकि ज्यादातर लोग बढ़ती महंगाई को बड़ा मुद्दा बता रहे हैं।

क्या सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर का कटेगा टिकट
वन इंडिया के संवाददाता लक्ष्मी नारायण मालवीय ने जब गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के निजामुद्दीन पिपलानी और नरेला शंकरी में लोगों से बातचीत की तो उन्होंने कहा कि मौजूदा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को उन्होंने ज्यादा क्षेत्र में देखा ही नहीं। इसके अलावा क्षेत्र में सांसद निधि से कोई काम भी नहीं हुआ। लेकिन वोट देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे मोदी सरकार के कामों को देखकर 2024 में वोट करेंगे।

पार्टी नहीं कटेगी टिकट- भाजपा कार्यकर्ता
वही भाजपा के अनुसूचित जाति जिला महामंत्री राजू मालवीय ने वन इंडिया से बातचीत में बताया कि सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने भोपाल के कई मुद्दों को सदन में उठाया है। भोपाल रेलवे स्टेशन से लेकर मेट्रो कॉरपोरेशन के कामों को लेकर संसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने लगातार काम किया है, स्वास्थ्य गड़बड़ होने के कारण वह क्षेत्र में उतना नहीं घूम पाती है। लेकिन वह संसद भवन में लगातार भोपाल लोकसभा के विकास को लेकर मुद्दे उठाती रहती है। इसलिए पार्टी शायद ही उनका टिकट काटे। पार्टी उन्हें दोबारा मौका दे सकती है।
सांसद की छवि को लेकर क्या बोले लोग
भोपाल अयोध्या नगर में रेड गिट्टी का बिजनेस करने वाले रविंद्र भाटी ने भोपाल से मौजूदा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को लेकर कहा कि सांसद जी ने लगातार हिंदुत्व को लेकर अपनी बात दमदारी के साथ सदन और मीडिया के सामने रखी। अब तक ऐसा कोई मामला भी सामने नहीं आया है कि प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कोई भ्रष्टाचार किया हो। वहीं प्रज्ञा के विवादित बयान को लेकर जनता ने कहा कि सांसद को सोच समझ कर बोलना चाहिए। हालांकि कुछ लोग उनके बयानों से सहमत भी नजर आए।












Click it and Unblock the Notifications