हरियाणा में राहुल की परिवर्तन बस यात्रा, मोदी पर बरसे
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज (शुक्रवार) हरियाणा में हैं। आगामी लोकसभा चुनाव प्रचार की शुरुआत करते हुए यहां रोड शो और जनसभा कर रहे हैं। राहुल के रोड शो को परिवर्तन बस यात्रा का नाम दिया गया है। राहुल की परिवर्तन बस यात्रा कई शहरों से होकर निकलेगी। हरियाणा में छठे चरण में 12 मई को मतदान होना है।
राहुल का रोड शो
राहुल गांधी हरियाणा में अपनी परिवर्तन बस यात्रा के जरिए घूम रहे हैं। वो रोड शो के अलावा अलग-अलग शहरों में सभाएं भी कर रहे हैं। यमुनानगर में जनसभा में राहुल गांधी ने कहा, हमने 'न्याय' देने का फैसला किया। हम 15 लाख का जुमला नहीं दे सकते। मैं झूठ नहीं बोल सकता, झूठ बोलना नरेंद्र मोदी का काम है। हमारी सरकार बनने पर हम देश के 20 प्रतिशत सबसे गरीब परिवारों को 72,000 सालाना देंगे।
राहुल ने कहा, इस देश में ईमानदार उद्योगपति भी हैं। जिन्होंने देश के लिए काम किया है। लेकिन, अंबानी को विमान बनाने का कोई अनुभव नहीं था, फिर भी उसको राफेल का कॉन्ट्रैक्ट दे दिया गया क्योंकि अनिल को 30,000 करोड़ देना ही था।

मोदी करते हैं झूठे वादे
राहुल गांधी ने इस दौरान कहा कि नरेंद्र मोदी ने किसानों से कर्ज माफी की बात कही, युवाओं को रोजगार की बात कही, काले धन को खत्म करने की बात कही और कई वादे किए। इनमें से एक भी वादा पूरा नहीं किया गया। राहुल ने कहा कि भाजपा के उलट कांग्रेस ने जब भी जो भी वादा किया, उसे पूरा किया।

हरियाणा में कांग्रेस में जान डालना चुनौती
राहुल गांधी हरियाणा में अपने रोड शो और जनसभाओं के जरिए कांग्रेस को मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। 2014 से पहले कांग्रेस की वहां बेहतर स्थिति थी लेकिन 2014 के लोकसभा और विधानसभा में कांग्रेस की स्थिति कमजोर हुई है। 2014 के लोकसभा चुनावों में राज्य की 10 सीटों में से भाजपा 7 सीटें, ओम प्रकाश चौटाला की पार्टी इंडियन नेशनल लोकदल को 2 सीटें और कांग्रेस को सिर्फ एक सीट मिली थी।












Click it and Unblock the Notifications