राहुल गांधी का पूर्व सैनिकों के लिए बड़ा ऐलान, मिलेगा फिर से नौकरी का मौका
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को पूर्व सैनिकों के लिए एक बड़ा वादा किया है। राहुल ने ट्वीट कर कहा कि सत्ता में आने पर सिविल सेवा में योग्य पूर्व सैनिकों के लिए फिर नौकरी का मौका लेकर आएंगे वहीं 40 साल से कम उम्र के पूर्व सैनिकों के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को खोला जाएगा।

राहुल ने बुधवार शाम किए ट्वीट में कहा, हमारे पूर्व सैनिक भारत के गौरव हैं और उन्हें वह सम्मान मिलना चाहिए जिसके वे हकदार हैं। हम सिविल सेवा के योग्य पूर्व सैनिकों को एक बार फिर नौकरी का मौका देंगे। साथ ही केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को 40 वर्ष से कम आयु के पूर्व सैनिकों के लिए खोला जाएगा।
कांग्रेस ने एक दिन पहले मंगलवार को लोकसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी किया है। घोषणा पत्र में कांग्रेस ने रोजगार, किसानों की परेशानियों को प्रमुखता दी है तो पूर्व सैनिकों और केंद्रीय सशस्त्र बलों के मुद्दों को भी इसमें जगह दी गई है। पूर्व सैनिकों पर कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कहा है, कांग्रेस ने एक रैंक एक पेंशन के सिद्धान्त को स्वीकार किया और सरकार में होते हुए 2006, 2010 और 2013 में तीन महत्वपूर्ण कदम उठाए। फरवरी, 2014 में यूपीए सरकार ने सभी रैंकों के पेंशनधारियों के बीच के अन्तर को खत्म करने का फैसला किया। पूर्व सैनिकों का मानना है कि भाजपा सरकार ने उनकी मांग के हिसाब से एक रैंक एक पेंशन को लागू नहीं किया, कांग्रेस सत्ता में आने पर एक रैंक एक पेंशन की विसंगतियों को दूर करेगी।
केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को लेकर कांग्रेस के घोषणा पत्र में लिखा गया है, केंद्रीय सशस्त्र सुरक्षा बल हमारी सीमाओं की रक्षा की पहली पंक्ति है। देश में कानून और व्यवस्था की समस्या पर वो पहली पंसद होते है। हजारों जवानों ने अपने फर्ज को निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। कांग्रेस केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की क्षमता बढ़ाने और जवानों के कल्याण कार्यक्रम में सुधार लाने का काम करेगी।












Click it and Unblock the Notifications