पहले चरण में नामांकन के लिए केवल 4 दिन, यूपी की 8 सीटों पर होना है मतदान
लखनऊ। लोकसभा चुनाव 2019 के लिए तारीखों का ऐलान किया जा चुका हैं। सात चरणों में देश भर में लोकसभा चुनाव संपन्न होंगे। 80 लोकसभा सीटों वाले राज्य उत्तर प्रदेश में भी सात चरणों में चुनाव संपन्न होंगे। पहले चरण की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव का नोटिफिकेशन सोमवार को जारी किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी एन वेंकटेश्वर ने इसकी जानकारी दी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी एन वेंकटेश्वर ने बताया कि होली और अन्य अवकाशों की वजह से चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशियों को नामांकन के लिए 4 दिन का समय ही मिलेगा। उन्होंने बताया कि पहले चरण की अधिसूचना सोमवार को जारी की जाएगी। इसके साथ ही सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, कैराना, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद सीटों पर नामांकन प्रकिया शुरू हो जाएगी।
25 मार्च तक नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं लेकिन 20-21 मार्च को होली और 23-24 मार्च को शनिवार-रविवार की छुट्टी होने की वजह से नामांकन दाखिल नहीं किए जा सकेंगे। जबकि 26 से 28 मार्च तक नामांकन वापसी हो सकेगी। यूपी की 8 सीटों पर पहले चरण में 11 अप्रैल को सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होंगे। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करना होगा। चुनाव आयोग की निगरानी में ही चुनाव की प्रक्रिया संपन्न होगी।
उत्तर प्रदेश की 8 लोकसभा सीटों पर पहले चरण में मतदान संपन्न होंगे। इस दौरान कुल 1.5 करोड़ मतदाता अपने मत का प्रयोग कर सकेंगे। लोकसभा की इन आठ सीटों पर 6716 पोलिंग स्टेशन और 16581 पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। बता दें कि आखिरी चरण में 19 मई को मतदान संपन्न होंगे जबकि 23 मई को लोकसभा चुनाव के परिणाम एकसाथ घोषित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications