मायावती बोलीं, मोदी ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए पत्नी को छोड़ दिया
बसपा सुप्रीमो मायावती ने पीएम मोदी और उनकी पत्नी को लेकर एक विवादित बयान दिया है।
Recommended Video
नई दिल्ली। राजस्थान के अलवर गैंगरेप केस को लेकर देश की सियासत इन दिनों गर्माई हुई है। भाजपा ने जहां राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर इस मामले में लापरवाही बरतने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई ना करने का आरोप लगाया है तो वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बसपा सुप्रीमो मायावती को चुनौती देते हुए कहा कि वो इस मामले पर केवल घड़ियाली आंसू ना बहाएं, बल्कि कांग्रेस की राज्य सरकार से अपना समर्थन वापस लें। पीएम मोदी के इस हमले पर मायावती ने भी पलटवार किया है। मायावती ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि जब उन्होंने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए अपनी पत्नी को छोड़ दिया तो फिर वो दूसरों की बहनों और बहुओं का सम्मान कैसे कर सकते हैं।

बसपा सुप्रीमो मायावती ने क्या कहा
बसपा अध्यक्ष मायावती ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा, 'नरेंद्र मोदी अलवर गैंगरेप केस पर चुप रहे और अब इस मामले के जरिए गंदी राजनीति खेलने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि लोकसभा चुनावों में उन्हें और उनकी पार्टी को फायदा मिल सके। यह बेहद शर्मनाक है। जब उन्होंने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए अपनी पत्नी को छोड़ दिया तो फिर वो दूसरों की बहनों और बहुओं का सम्मान कैसे कर सकते हैं। मुझे तो ये भी मालूम चला है कि भाजपा में, खासकर विवाहित महिलाएं अपने आदमियों को श्री मोदी के नजदीक जाते देखकर, ये सोचकर भी काफी ज्यादा घबराती रहती हैं कि कहीं ये मोदी अपनी औरत की तरह हमें भी अपने पति से अलग ना करवा दे।'

'घड़ियाली आंसू बहाना बंद करें मायावती'
आपको बता दें कि इससे पहले अलवर गैंगरेप केस को लेकर पीएम मोदी ने मायावती पर हमला बोलते हुए कहा था, 'बहन जी आपके साथ गेस्ट हाउस में जो हुआ था, उससे सारे देश की बहनों और बेटियों को पीड़ा हुई थी। अगर आप बेटियों की रक्षा के प्रति इतनी ही ईमानदार हैं तो आज ही, इसी समय राजस्थान की कांग्रेस सरकार से समर्थन वापस ले लीजिए। ऐसा नहीं करती हैं तो अलवर कांड पर घड़ियाली आंसू बहाना बंद करें।' पीएम मोदी के इस बयान पर मायावती ने पलटवार करते हुए कहा, 'अगर अलवर गैंगरेप मामले में राजस्थान की सरकार कोई कड़ी कार्रवाई नहीं करेगी तो निश्चित तौर पर उनकी पार्टी इस पर राजनीतिक फैसला लेगी। कांग्रेस से कैसे निपटना है यह बहुजन समाज पार्टी को अच्छी तरह से पता है। पीएम मोदी गुजरात का ऊना दलित कांड, रोहित वेमुला कांड व बीजेपी शासित राज्यों में आए दिन हो रहे दलित अत्याचार व शोषण की नैतिक जिम्मेदारी लेकर अपने पद से इस्तीफा क्यों नहीं देते हैं?'

चुनाव के लिए क्या-क्या छल करेंगे मोदी: मायावती
बसपा सुप्रीमो मायावती इससे पहले भी पीएम मोदी पर कई बार हमला बोल चुकी हैं। मायावती ने रविवार को ट्वीट करते हुए कहा, 'पीएम श्री मोदी ने अब लोगों को बरगलाने के लिए कल से एक नया चुनावी शिगुफा छोड़ा है कि उनकी जाति वही है जो गरीब की जाति है। चुनावी स्वार्थ हेतु श्री मोदी न जाने क्या-क्या छल करेंगे लेकिन 5 साल तक करोड़ों गरीबों, मजदूरों, किसानों आदि की दुर्दशा के लिए जनता उन्हें कैसे माफ कर सकती है?' आपको बता दें कि यूपी में 6 चरण का मतदान हो चुका है और अब 19 मई को सातवें व अंतिम चरण में प्रदेश की बची हुई 13 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। यूपी में सपा, बसपा और आरएलडी महागठबंधन के तहत चुनाव लड़ रही हैं।
ये भी पढ़ें- पीएम मोदी के बनारस में क्या हैं हार जीत के फैक्टर, जानिए












Click it and Unblock the Notifications