बीएसपी चीफ मायावती ने बीजेपी पर साधा निशाना, पार्टी कार्यकर्ताओं को दी बड़ी जिम्मेदारी
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के बाद सभी प्रमुख सियासी दलों ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। इसी के मद्देनजर बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को बड़ी जिम्मेदारी भी सौंपी है। मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा है कि आगामी चुनाव के दौरान ईवीएम पर खास ध्यान रखने की जरूरत है, सूझ-बूझ से ही बेहतर परिणाम मिल सकता है। उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव जीतने के लिए वो कुछ भी कर सकते हैं, ऐसे में हमें विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं को दिए खास निर्देश
शुक्रवार को बीएसपी अध्यक्ष मायावती ने कांशीराम को जन्मदिन पर नमन करते हुए कहा कि ऐसे युगपुरुष का केंद्र और राज्य की सत्ता में रही पार्टियों ने तिरस्कार किया, वो अनमोल हीरे थे। इसीलिए यूपी में बनी बीएसपी की सरकारों में दलित महापुरुषों को आदर सम्मान दिया गया। इस दौरान मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आचार संहिता का सम्मान करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि कहीं भी इसका उल्लंघन नहीं होना चाहिए।

'बीजेपी को हराने में पूरी तरह सक्षम है गठबंधन'
इसके साथ-साथ मायावती ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भी पार्टी कार्यकर्ताओं को खास निर्देश जारी किए। उन्होंने इस बार पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ने का ऐलान किया। इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा सत्ताधारी पार्टी जातिवादी, सांप्रदायिक, गरीब विरोधी और किसान विरोधी ही नहीं है, चुनाव जीतने के लिए वह कोई भी हथकंडा अपनाने में विश्वास रखती है। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं को ईवीएम पर खास ध्यान रखने के निर्देश मायावती ने दिए।

कार्यकर्ताओं को आचार संहिता का सम्मान करने का निर्देश
बता दें कि बीएसपी अध्यक्ष मायावती ने इस बीच पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कोऑर्डिनेटरों की बैठक की और चुनाव की तैयारियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि सपा-बसपा और आरएलडी का गठबंधन इस बार बीजेपी को हराने को पूरी तरह से सक्षम है। उन्होंने तीनों ही पार्टियों के समर्थकों और कार्यकर्ताओं को जमकर प्रचार में जुटने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यूपी के साथ ही उत्तराखंड और मध्य प्रदेश में भी सपा-बसपा गठबंधन विश्वसनीय विकल्प बनकर आगे बढ़ रहा है। इसका अच्छा रिजल्ट भी आएगा।












Click it and Unblock the Notifications