48 घंटे का बैन हटने के बाद आजम खान ने तोड़ी चुप्पी
नई दिल्ली। बीजेपी प्रत्याशी जया प्रदा पर आपत्तिजनक बयान देकर 72 घंटों का बैन झेल चुके आजम खान (Azam Khan) पर एक बार फिर 48 घंटे का बैन लगा दिया गया था। आजम खान पर ये कार्रवाई आचार संहिता के उल्लंघन (Model Code of Conduct) को लेकर हुई थीं। वहीं, चुनाव आयोग (Election Commission) द्वारा लगाए गए 48 घंटे का बैन खत्म होने पर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने चुप्पी तोड़ी।

चुनाव आयोग पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया
चुनाव आयोग द्वारा लगाए गए बैन की अवधि समाप्त होते ही सपा नेता आजम खान का बयान आया। आजम खान ने चुनाव आयोग पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। आजम खान ने कहा कि उनके और राहुल गांधी के बयान में कोई फर्क नहीं था लेकिन आयोग ने केवल उनपर ही प्रतिबंध लगाया। ये चुनाव आयोग का पक्षपातपूर्ण रवैया है। मीडिया से बात करते हुए रामपुर से सपा उम्मीदवार आजम खान ने कहा, 'राहुल गांधी ने बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह पर जो आरोप लगाए थे, वैसी ही बात मैंने सीएम योगी आदित्यनाथ और दिसंबर 1992 में यूपी के तत्कालीन मुख्यमंत्री को लेकर कही थी। लेकिन आयोग ने मुझपर बैन लगा दिया।'

'मेरे ऊपर क्यों बैन लगाया गया?'
आजम खान ने कहा, 'मेरे ऊपर क्यों बैन लगाया गया? चुनाव आयोग का ये रवैया एकदम पक्षपातपूर्ण है और मेरे खिलाफ है।' चुनाव आयोग के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए आजम खान ने कहा कि साल 2014 के चुनाव में आयोग केंद्र में बीजेपी की सरकार बनने को लेकर आश्वस्त था, तो पूरे चुनाव में मेरे बोलने पर प्रतिबंध लगा दिया था। लेकिन अबकी चुनाव आयोग को ऐसा नहीं लगता है इसलिए टुकड़ों में प्रतिबंध लगाया जा रहा है। आजम खान ने ईवीएम हैकिंग की आशंका भी जताई। उन्होंने कहा कि जहां ईवीएम रखी गई है, वहां, डीएम एसपी के जाने पर रोक लगाई जानी चाहिए।

48 घंटे का लगाया था चुनाव आयोग ने प्रतिबंध
इसके पहले, आजम खान पर लगे प्रतिबंध को लेकर उनके बेटे अब्दुल्ला आजम का कहना था कि उनके पिता के मुस्लिम हैं, इसलिए कार्रवाई की गई। बता दें कि आजम खान पर जिला निर्वाचन अधिकारी और अन्य जिला स्तर के अधिकारियों को लेकर भड़काने व धार्मिक नफरत फैलाने के आरोप में बैन लगाया गया था। उन्होंने कहा था कि प्रशासन ने चुनाव में बड़ी गड़बड़ी करके उन्हें हराने की कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ी। इसके पहले भी आजम खान 72 घंटे के बैन का सामना कर चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications