'गंदी नाली के कीड़े': नेशनल कांफ्रेंस से गठबंधन पर दोबारा सोचे कांग्रेस, क्यों बोलीं महबूबा?
Jammu and Kashmir Lok Sabha Election 2024: बंगाल और केरल के बाद अब जम्मू और कश्मीर में इंडिया ब्लॉक का विरोधाभास चुनावी जंग में बदल गया है। पीडीपी चीफ महबूबा मुफ्ती ने कांग्रेस से कहा है कि उसे 'गंदी नाली के कीड़े' कहने वाली नेशनल कांफ्रेंस से गठबंधन पर दोबारा सोचना चाहिए।
महबूबा मुफ्ती ने रविवार को कहा है कि नेशनल कांफ्रेंस के नेता चौधरी मोहम्मद अकरम ने कांग्रेस को बीजेपी जैसा बता दिया है, इसके बाद कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं को उसे समर्थन देने पर फिर से विचार करना चाहिए।

कांग्रेस की बीजेपी से तुलना से ज्यादा बुरा क्या होगा- महबूबा मुफ्ती
अनंतनाग जिले के लारनू इलाके में चुनाव प्रचार के दौरान महबूबा ने कहा, 'नेशनल कांफ्रेंस में शामिल होने के वक्त चौधरी अकरम ने कांग्रेस की तुलना बीजेपी से की, इससे ज्यादा बुरा कुछ नहीं कहा होगा।' मुफ्ती के मुताबिक अकरम का कांग्रेस के लिए इस तरह से कहना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
'नेशनल कांफ्रेंस के नेता कांग्रेसियों को 'गंदी नाली के कीड़े' कहते थे'
पीडीपी प्रमुख ने कहा, 'उनके (चौधरी मोहम्मद अकरम) पिता कांग्रेस में थे। मैं नहीं समझती कि कांग्रेस के कार्यकर्ता नेशनल कांफ्रेंस को कैसे सपोर्ट करेंगे। नेशनल कांफ्रेस की लीडरशिप कांग्रेस कार्यकर्ताओं को 'गंदी नाली के कीड़े' कहकर बुलाते थे। उन्हें सामाजिक बहिष्कार का सामना करना पड़ता था।'
महबूबा उस दौर का जिक्र कर रही थीं, जब 1980 के दशक में दोनों पार्टियां (कांग्रेस और नेशनल कांफ्रेंस) एक-दूसरे की विरोधी थीं। उनका कहना है कि 'इसके बारे में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को सोचना है। उन्हें नेशनल कांफ्रेंस का समर्थन करना है, लेकिन वो (अकरम) उन्हें बीजेपी की बी टीम कह रहे हैं।'
कांग्रेस छोड़ एनसी में शामिल हुए हैं अकरम
अकरम 2014 में कांग्रेस के टिकट पर जम्मू और कश्मीर विधानसभा के लिए चुने गए थे। वे इसी महीने कांग्रेस छोड़कर नेशनल कांफ्रेंस में शामिल हुए हैं। इससे पहले जम्मू और कश्मीर में इंडिया ब्लॉक की तीनों पार्टियों कांग्रेस, नेशनल कांफ्रेंस और पीडीपी में सीटों पर तालमेल को लेकर काफी चर्चा हुई, लेकिन गठबंधन टूट गया।
अभी स्थिति ये है कि पीडीपी अकेले चुनाव लड़ रही है। नेशनल कांफ्रेंस कश्मीर की तीनों सीटों पर मैदान में है और जम्मू और उधमपुर में कांग्रेस पार्टी मुकाबले में है। ये दोनों पार्टियां एक-दूसरे को समर्थन दे रही हैं।
हम कठिन समय से गुजर रहे हैं-महबूबा
इसपर फिर से अपनी भड़ास निकालते हुए महबूबा ने कहा, 'हम चाहते थे कि सभी दल इस चुनाव में एकजुट होकर जाएंगे, क्योंकि हम कठिन समय से गुजर रहे हैं। दुर्भाग्य से नेशनल कांफ्रेंस यह नहीं चाहती है। नेशनल कांफ्रेंस के कार्यकर्ता साथ मिलकर काम करना चाहते हैं, लेकिन उनकी लीडरशिप ऐसा नहीं चाहती थी।'
उनके मुताबिक,'हमने फारूक अब्दुल्ला को सारे अधिकार दे दिए, लेकिन उन्होंने मुझसे पूछना भी उचित नहीं समझा। वे यहां तक चले गए कि पीडीपी खत्म हो चुकी है। पीडीपी कैसे खत्म हो जाएगी?.....।' उनका दावा है कि कश्मीर के लोग पीडीपी के आलोचकों को मुंहतोड़ जवाब देंगे। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications