Lok Sabha Election: कर्नाटक में कांग्रेस कितने मंत्रियों को थमा सकती है टिकट? कुछ पहले ही कर चुके हैं इनकार
कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी अपने 7 से 8 मंत्रियों से लोकसभा चुनाव लड़ने को कह सकती है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्य के गृहमंत्री जी परमेश्वरा ने सोमवार को यह जानकारी दी है।
वैसे परमेश्वरा ने कहा है कि कर्नाटक की 28 लोकसभा सीटों पर किन्हें चुनाव लड़ना चाहिए, इसपर आखिरकार पार्टी को ही अंतिम फैसला लेना है।

सात से आठ मंत्रियों को लोकसभा का टिकट दे सकती है कांग्रेस
कर्नाटक के गृहमंत्री के मुताबिक, 'चर्चा चल रही है कि मंत्रियों में से सात से आठ लोगों को चुनाव लड़ना चाहिए। जो भी पार्टी के हित में सहमत होंगे, उन्हें उतारा जाएगा।'
कुछ मंत्री खुद नहीं, परिवार के सदस्य के लिए मांग रहे हैं टिकट
गौरतलब है कि कुछ मंत्रियों ने पार्टी की इस सोच का खुलकर विरोध किया है। इनमें समाज कल्याण मंत्री एचसी महादेवप्पा भी शामिल हैं। जब परमेश्वरा से उनके बारे में पूछा गया, 'वे (महादेवप्पा) कह रहे हैं कि वह चुनाव नहीं लड़ना चाहते और उनके बेटे को टिकट दिया जाए।'
उन्होंने आगे बताया, 'आखिरकार पार्टी तय करेगी कि ये महादेवप्पा होंगे या उनके बेटे या कोई और। उनपर दबाव नहीं डाला जा सकता, अगर वे (चुनाव नहीं लड़ना) नहीं चाहते हैं।'
नाराज नेताओं को मनाने में जुटी है कांग्रेस
उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के चुनाव को लेकर जो परेशान हैं, उन्हें समझाने की कोशिशें जारी हैं, ताकि पार्टी का हित न प्रभावित हो। उनका कहना है कि 'चुनावों के दौरान ये चीजें सामान्य हैं।'
पहली लिस्ट में मंत्री और एमएलए का नहीं आया नाम
कांग्रेस ने अपनी पहली लिस्ट में कर्नाटक से 7 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं, लेकिन मंत्रियों में चुनाव लड़ने की असहजता की स्थिति को देखते हुए उनमें से किसी का नाम अभी घोषित नहीं हुआ है। पार्टी ने किसी एमएलए को भी अभी तक लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार नहीं बनाया है।
कई सीटों पर जिताऊ उम्मीदवार का संकट झेल रही है कांग्रेस!
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक पार्टी नेतृत्व की ओर से लगातार कोशिशें जारी हैं कि कुछ मंत्रियों और विधायकों को चुनाव लड़ने के लिए राजी कर लिया जाए, क्योंकि कई सीटों पर उसे जिताऊ उम्मीदवार खोजने में दिक्कत हो रही है।
सूत्रों का यह भी कहना है कि खुद के बदले मंत्रियों की ओर से परिवार के सदस्य को टिकट देने की मांग की जा रही है। लेकिन, नेतृत्व इस बात को लेकर चिंतित है कि परिवार के लोगों को टिकट देने से कहीं गलत संदेश न चला जाए।
उधर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कहा है कि स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में उम्मीदवारों के नाम तय किए जाएंगे।
दिल्ली से ही फाइनल होगा नाम
उन्होंने कहा, 'शाम में हम बैठक कर रहे हैं, उम्मीदवारों के नाम की घोषणा का हमें अधिकार नहीं है। हम इसे दिल्ली भेजेंगे, वहां केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी, वे हमारे प्रस्तावों को स्वीकार या खारिज कर सकते हैं। वे अपनी तरफ से भी नाम जोड़ सकते हैं और घोषणा कर सकते हैं।'
जब उनसे सवाल किया गया कि महादेवप्पा और केएच मुनियप्पा जैसे मंत्री चुनाव नहीं लड़ना चाहते तो उन्होंने कहा, 'क्या आपको इसके बारे में पता है? मैं नहीं जानता, उनसे बात नहीं की है।' (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications