Lok Sabha Election: 37 करोड़ वोट जुटाने के लिए क्या कर रही है बीजेपी? पीएम मोदी ने सेट किया है टारगेट
Lok Sabha Election News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव में बीजेपी के लिए जो 370 सीटें जीतने का टारगेट दिया है, उसी के आधार पर पार्टी कार्यकर्ताओं को इस मिशन को पूरा करने के अभियान में भी लगा दिया गया है।
2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को 22,90,76,879 वोट मिले थे। इस बार पीएम मोदी इससे करीब 14 करोड़ ज्यादा वोट हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। मतलब, प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बीजेपी के पक्ष में 37 करोड़ वोट जुटाने को कहा है।

2024 में 37 करोड़ वोट हासिल करने का टारगेट
ईटी की एक रिपोर्ट के मुताबिक पार्टी के अंदर के लोगों ने इसकी जानकारी दी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की एक बैठक में पार्टी नेताओं के सामने यह लक्ष्य रखा है।
यह लक्ष्य पहले के उस लक्ष्य से ही मेल खाता है, जिसमें प्रत्येक बूथ पर 370 अतिरिक्त वोट जुटाने को कहा गया है, जिसके आधार पर कुल 370 सीटों का टारगेट तय किया गया है।
लक्ष्य हासल करने के लिए युवा मतदाताओं पर है ज्यादा फोकस
भारतीय जनता पार्टी को पिछली बार कुल डाले गए मतों में 37.7% वोट मिले थे। पार्टी पहले ही इस वोट शेयर को 50% तक ले जाने की तैयारी में जुटी हुई है। इन महत्वाकांक्षी लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए बीजेपी मूल रूप से युवा मतदाताओं पर फोकस कर रही है।
युवा वोटरों से संपर्क करने में जुटी है पार्टी
इसके लिए बीजेपी सोशल मीडिया के युवा इंफ्लूएंसर से लेकर, खिलाड़ियों, गायकों और युवा कलाकारों तक पहुंचने के अभियान में लगी हुई है।
हाल ही में पीएम मोदी ने नेशनल क्रियेटर्स अवॉर्ड में विभिन्न क्षेत्रों के इंफ्लूएंसर के साथ जिस तरह से चर्चा की है, वह भी पार्टी के इस महाभियान के गणित में फिट बैठ रहा है। भाजपा के नेताओं को लगता है कि इससे चुनाव में पार्टी को युवा वोटरों को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगा।
'पहला वोट मोदी को' अभियान चला रही है भाजपा
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक इस बार 21.54 करोड़ मतदाताओं की उम्र 30 साल से कम की है। लेकिन, 1.82 करोड़ वोटर ऐसे हैं, जो पहली बार वोट देंगे।
बीजेपी पहले इन्हीं फर्स्ट-टाइम वोटरों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हुई है। इसके लिए 'पहला वोट मोदी को' नाम से एक अभियान भी चलाया जा रहा है।
कॉल सेंटर के माध्यम से मतदाता संपर्क अभियान में जुटी है पार्टी
पार्टी ने ऐसे मतदाताओं की पहचान और उनका कॉन्टैक्ट देने के लिए बीजेपी युवा मोर्चा को लगाया है। मोर्चा फर्स्ट-टाइम वोटरों की यह लिस्ट पार्टी को देगा। जानकारी के मुताबिक अभी तक पार्टी ने ऐसे 80 लाख फर्स्ट-टाइम वोटरों की पहचान भी कर ली है।
बीजेपी लोकसभा सीटों के हिसाब से कॉल सेंटर के माध्यम से ऐसे मतदाताओं के संपर्क में है और मार्च के आखिर तक इनकी संख्या '1 करोड़ को पार' कर जाने की संभावना है।
करीब 6 करोड़ नए वोटर इस चुनाव में रखेंगे मायने
2019 में देश में कुल 91,19,50,734 वोटर थे, जिनमें से कुल 60,76,50,051 वोटरों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। इस बार लगभग 6 करोड़ वोटर (96.8 करोड़) बढ़ गए हैं। चुनाव आयोग अपने हिसाब से जहां मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाता जागरूकता अभियान चला रहा है।
बीजेपी भी देशभर में फैले अपने सैकड़ों कॉल सेंटर के माध्यम से वोटरों से संपर्क कर रही है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग मतदान स्थल पर पहुंचें। 'मेरा बूथ, सबसे मजबूत' बीजेपी के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं का मूल मंत्र है और उसी के दम पर पार्टी अपने मिशन में जुटी हुई है।
पीएम मोदी ने जो लक्ष्य तय किया है, उसका आधार बहुत पहले से तैयार किया गया है और अब पार्टी सिर्फ कार्यकर्ताओं को उस आधार को परिणाम में बदलने के लिए जगाने की कोशिश में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications