Lok Sabha Chunav: हेमा, मेनका, थरूर, सिंधिया, चिराग,डिंपल, VVIP सीटों पर कौन आगे, कहां कांटे की टक्कर? सर्वे
Lok Sabha Chunav 2024 VVIP seat prediction: लोकसभा चुनाव में पहले चरण के मतदान की तारीख नजदीक आ रही है। बीजेपी ने एनडीए के लिए अबकी बार 400 पार का नारा दिया है; तो उसे लगातार तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए विपक्ष ने इंडिया ब्लॉक के माध्यम से उसे रोकने का पूरा जोर लगाया है।
मतदान होने से पहले ईटीजी टाइम्स नाउ ने देश के कुछ चुनिंदा वीवीआईपी सीटों का चुनाव पूर्व सर्वे किया है, जिससे अनुमान लग रहा है कि किस सीट पर किस वीवीआई उम्मीदवारों की जीत की संभावना अधिक है और कहां किस वीवीआईपी की किस्मत उन्हें निराश कर सकती है।

अमेठी में स्मृति ईरानी आगे-सर्वे
यूपी की अमेठी लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने अभी तक अपने उम्मीदवार भी घोषित नहीं किए हैं। लेकिन, इस सर्वे के अनुसार उससे पहले ही केंद्रीय मंत्री और भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी ने वहां अपनी बढ़त इस बार भी बना रखी है।
हेमा, मेनका और डिंपल जीत सकती हैं चुनाव
इसी तरह से यूपी की ही मथुरा लोकसभा सीट पर लगातार तीसरी बार हेमा मालिनी की जीत की संभावना जताई गई है। वहीं भाजपा की दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी सुल्तानपुर से फिर जीत सकती हैं तो सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के मैनपुरी सीट से जीतने की संभावना है। लेकिन, सपा के एक और गढ़ माने जाने वाली कन्नौज में भाजपा का कमल खिल सकता है।
थरूर को बढ़त, लेकिन चंद्रशेखर दे रहे हैं टक्कर
बीजेपी इस बार दक्षिण भारत से काफी उम्मीद कर रही है। खासकर केरल में वह पहला कमल खिलने का इंतजार कर रही है। तिरुवनंतपुरम में कांग्रेस नेता शशि थरूर के मुकाबले पार्टी ने केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर को उतारा है। लेकिन, सर्वे में थरूर को बढ़त मिलती दिख रही है, हालांकि चंद्रशेखर उन्हें टक्कर दे रहे हैं।
मेरठ में अरुण गोविल आगे
यूपी के मेरठ में बीजेपी के अरुण गोविल चुनावी रेस में आगे बताए गए हैं, वहीं लखीमपुर खीरी में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी को भी फिर से बढ़त मिल रही है। कमाल की बात है कि रामपुर सीट से भी बीजेपी प्रत्याशी घनश्याम लोधी के जीतन की उम्मीद है। इसी तरह से गौतमबुद्ध नगर में एक बार फिर से मौजूदा सांसद महेश शर्मा का ही कमल खिलता नजर आ रहा है।
गाजीपुर में सपा की जीत की संभावना
माफिया मुख्तार अंसारी की मौत के बाद गाजीपुर में सपा की हवा चलने की बात सामने आ रही है। लेकिन, आजमगढ़ में भाजपा के दिनेश लाल यादव या निरहुआ लगातार दूसरी बार सपा को हरा सकते हैं। गोरखपुर में भी भोजपुरी स्टार रवि किशन के आगे रहने की संभावना है।
सारण में लालू की बेटी हार सकती हैं चुनाव
यूपी के ही मुजफ्फरनगर में बीजेपी के संजीव बालियान और उन्नाव में पार्टी के साक्षी महाराज के जीतने की संभावना जताई गई है। उधर पड़ोस के बिहार में सारण सीट पर एक बार फिर से बीजेपी के दिग्गज राजीव प्रताप रूडी के जीतने की संभावना है और लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य पिछड़ती नजर आ रही हैं।
हाजीपुर में चिराग पास को मिल सकती है बढ़त
उधर बेगूसराय में फिर से केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता गिरिराज सिंह के जीतने की संभावना है तो हाजीपुर सीट पर एलजेपी के चिराग पासवान चुनाव जीत सकते हैं।
नई दिल्ली में बांसुरी स्वराज को मिल सकता है मौका
दिल्ली की 7 सीटों में से भाजपा ने 6 सीटों पर प्रत्याशी बदल दिए हैं। सिर्फ उत्तर-पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी को फिर से टिकट दिया गया है और उनके चुनाव जीतने की संभावना है। नई दिल्ली की प्रतिष्ठित सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज भाजपा उम्मीदवार हैं, जिनके चुनाव जीतने की संभावना और पूर्वी दिल्ली में भी गौतम गंभीर की जगह आए भाजपा के हर्ष मल्होत्रा चुनाव जीत सकते हैं।
शिवराज और सिंधिया दोनों के जीतने की संभावना
उधर प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बीजेपी ने विदिशा से टिकट दिया है और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना से चुनाव मैदान में है और सर्वे के अनुसार ये दोनों ही नेता चुनाव जीत सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications