Lok Sabha Election 2024: अचानक राहुल गांधी की तबीयत हुई खराब, उलगुलान रैली में नहीं होंगे शामिल
लोकसभा चुनाव के पहले चरण का चुनाव समाप्त हो गया है। अब दूसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार चल रहा है। इसी क्रम में रविवार को झारखंड की राजधानी रांची में इंडिया ब्लॉक की रैली का आयोजन किया है। इस रैली को 'उलगुलान रैली' नाम दिया गया है।
इस रैली में विपक्षी गठबंधन के कई दिग्गज नेताओं के शामिल होने की बात कही जा रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, आप सांसद संजय सिंह इस रैली में शामिल होने के लिए पहुंच चुके हैं। इस बीच खबर आ रही है कि राहुल गांधी इस रैली का हिस्सा नहीं बनेंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राहुल गांधी 'उलगुलान रैली' में शामिल नहीं होंगे। अचानक उनकी तबियत बिगड़ गई है। ऐसे में राहुल गांधी का नई दिल्ली से बाहर जाना मुमकिन नहीं है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है।
उन्होंनो एक्स पर लिखा है- राहुल गांधी आज सतना और रांची में चुनाव प्रचार के लिए पूरी तरह से तैयार थे, जहां INDIA की रैली हो रही है। लेकिन वह अचानक बीमार हो गए हैं और फिलहाल नई दिल्ली से बाहर नहीं जा सकते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे जी अवश्य सतना में जनसभा को संबोधित करने के बाद रांची की रैली में शामिल होंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रांची में प्रभात तारा मैदान में इंडिया ब्लॉक रैली होने जा रही है। यहां पर 14 दलों के नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। इसमें आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, एनसीपी नेता फारूक अब्दुल्ला, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, डेरेक ओ'ब्रायन, प्रियंका चतुर्वेदी, दीपांकर भट्टाचार्य आदि नेता भाग लेंगे। झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन और जेल में बंद पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन इस रैली में प्रमुख वक्ता होंगे।
उलगुलान का मतलब क्या है?
उलगुलान का मतलब बड़ा विद्रोह होता है। बिरसा मुंडा के नेतृत्व में 1889-1900 के बीच झारखंड में उलगुलान आंदोलन शुरू हुआ था जो जल,जंगल, जमीन के अधिकार को लेकर हुआ था। उलगुलान, 19वीं सदी के सबसे महत्वपूर्ण जनजातीय विद्रोहों में से एक था।












Click it and Unblock the Notifications