Lok Sabha Election 2024: चुनावों से पहले देश भर में इस मिशन को पूरा करेगी बीजेपी, पीएम मोदी संभालेंगे मोर्चा!
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा से पहले ही कम कम एक बार देश भर का दौरा कर सकते हैं। जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी 5 फरवरी से पहले बड़े राज्यों की कम से कम एक बार यात्रा करने वाले हैं।
खबरों के मुताबिक इस दौरान कुछ बड़े राज्यों में तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो-दो बार जा सकते हैं। वहीं छोटे प्रदेशों में भी एक बार उनका दौरा हो सकता है। वैसे देखें तो प्रधानमंत्री मोदी पिछले महीने से ही इस मिशन को शुरू कर चुके हैं और इस महीने भी यह सिलसिला लगातार जारी है।

इसी महीने कर चुके हैं दक्षिण भारतीय राज्यों का दौरा
पीएम मोदी इस महीने की शुरुआत में ही दो दिवसीय दौरे पर दक्षिण भारत के तीन राज्यों से होकर आ चुके हैं। पिछले हफ्ते वे तमिलनाडु, लक्षद्वीप और केरल गए थे।
उनकी लक्षद्वीप यात्रा और वहां की तस्वीरें तो अंतरराष्ट्रीय मुद्दा बन चुका है और उसके बहाने देशवासियों के मन में इसकी पर्यटन शक्ति को पहचानने का भी जज्बा पैदा हुआ।
पिछले कर चुके हैं राजस्थान का दौरा
बीते शुक्रवार को वह राजस्थान भी गए थे। उन्होंने जयपुर में डीजीपी और आईजी के सम्मेलन में भी हिस्सा लिया और बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में पार्टी के नव-निर्वाचित विधायकों के साथ बैठक भी की।
पीएम के दौरे में जनसभा और रोड शो भी हो सकता शामिल
पीएम मोदी की अभी जो एक तरह की देशव्यापी यात्राएं संभावित हैं, उनमें वह जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं, तो रोडशो में भी शामिल हो सकते हैं। जैसे 10 जनवरी को वह दो दिवसीय गुजरात दौरे पर रहेंगे। यहां वे वाइब्रेंट गुजरात समिट की उद्घाटन करेंगे।
गुजरात के बाद महाराष्ट्र जाएंगे पीएम मोदी
12 जनवरी को वे महाराष्ट्र में रहेंगे, जहां नवी मुंबई में मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक के उद्घाटन का कार्यक्रम है। संभावना है कि उसी दिन वे नासिक में राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। जानकारी के मुताबिक नासिक में उनका रोड शो भी हो सकता है।
बिहार और झारखंड जाने की भी चर्चा
अगले ही दिन यानी 13 जनवरी को वे बिहार और झारखंड के दौरे पर जा सकते हैं। उनके झारखंड में धनबाद और बिहार में बेतिया पहुंचने की चर्चा है, लेकिन इस कार्यक्रम के आगे टलने की आशंका जताई जा रही है।
22 जनवरी को अयोध्या वाला कार्यक्रम पहले से तय
इस दौरान 22 जनवरी सबसे खास रहने वाला है, जब प्रधानमंत्री अयोध्या में पवित्र राम जन्मभूमि पर भगवान राम लला के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में उपस्थित होंगे। वह पिछले साल 30 दिसंबर को भी अयोध्या का दौरा कर आए हैं।
गृहमंत्री अमित शाह के भी होने वाले हैं दौरे
सिर्फ पीएम मोदी ही नहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी यात्राओं पर निकलने वाले हैं, लेकिन उनका फोकस लोकसभा चुनावों को देखते हुए मुख्य तौर पर पार्टी की संगठनात्मक तैयारियों को लेकर रहने वाली हैं। आने वाले दिनों में शाह 6 राज्यों के दौरे करने वाले हैं।
9 जनवरी यानी मंगलवार को वह जम्मू में होंगे, जहां पर वह चुनाव को लेकर बीजेपी की तैयारियों का जायजा लेंगे। दो दिन बाद ही मतलब 11 जनवरी को वह पूर्वोत्तर में रहेंगे और त्रिपुरा के नेताओं से बातचीत करेंगे। अगले दिन 12 जनवरी को वे तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर जाएंगे।
उलझन में विपक्ष, चुनावी मिशन में आगे है भाजपा
18 जनवरी को वे पंजाब में रहेंगे तो 19 और 20 जनवरी को उनके असम और मेघालय पहुंचने की संभावना है। इस तरह से जहां बीजेपी अभी से पूरी तरह से इलेक्शन मोड में आ चुकी है, वहीं विपक्षी इंडिया ब्लॉक की पार्टियां अभी तक चुनावों को लेकर भाजपा के खिलाफ अपना कोई ठोस एजेंडा भी तय नहीं कर पायी हैं।
उनका न तो नेता तय हुआ है और न ही नीति पूरी तरह से स्पष्ट दिख रही है। फिलहाल तो यह लग रहा है कि वे सिर्फ मोदी-विरोध के नाम पर एकजुटता दिखाने की कोशिशों में लगे हैं, जिसमें उनके सामने उम्मीदों से ज्यादा उलझनें नजर आ रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications