Lok Sabha Chunav 2024: 'शाह ने 150 DM को कॉल करके धमकाया', जयराम के दावों पर ECI ने मांगी डिटेल
Lok Sabha Chunav 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के सभी चरणों के मतदान अब संपन्न हो चुके हैं। अब सभी की निगाहें 4 जून को आने वाले नतीजों पर टकटकी लगाए हुए हैं। इससे पहले, एग्जिट पोल के नतीजों ने काफी हद तक पिक्चर क्लियर करने की कोशिश की है। समस्त एग्जिट पोल के अनुमान में, बीजेपी और एनडीए गठबंधन को बहुमत मिलने की उम्मीद है।
इस बीच, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एग्जिट पोल को फर्जी करार दिया। साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर मतगणना से कुछ दिन पहले 150 जिलाधिकारियों को फोन करने का आरोप लगाया है। मामले में रविवार को भारत के चुनाव आयोग (ईसी) ने कांग्रेस नेता जयराम रमेश से विस्तृत जानकारी मांगी है।

आयोग ने पत्र में क्या कहा?
चुनाव के दौरान जिला मजिस्ट्रेट और कलेक्टर अपने-अपने जिलों के रिटर्निंग अधिकारी होते हैं। आयोग ने कहा कि आज तक किसी भी जिला मजिस्ट्रेट ने किसी भी अनुचित प्रभाव का अनुभव करने की सूचना नहीं दी है। हालांकि, चुनाव निकाय ने एक वरिष्ठ नेता द्वारा लगाए गए आरोपों की गंभीरता को देखते हुए, व्यापक जनहित में इस मुद्दे को संबोधित करने के लिए विशिष्ट विवरण प्राप्त करने पर जोर दिया।
पत्र में कहा गया है कि मतगणना की प्रक्रिया प्रत्येक आरओ (रिटर्निंग ऑफिसर) का एक कर्तव्य है और एक वरिष्ठ, जिम्मेदार और अनुभवी नेता द्वारा इस तरह के सार्वजनिक बयान संदेह का वातावरण पैदा करते हैं और इसलिए, व्यापक जनहित में इस पर ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है। इसमें आगे कहा गया कि हालांकि, किसी भी डीएम ने किसी भी तरह के अनुचित प्रभाव की सूचना नहीं दी है, लेकिन चुनाव आयोग ने जयराम रमेश से 150 डीएम के विवरण और सूचना मांगी है, जिन पर अमित शाह ने प्रभाव डाला है।
क्या लगाया है कांग्रेस ने आरोप?
बीते दिन यानी शनिवार को चुनाव के सातवें चरण के मतदान खत्म होने के बाद कांग्रेस महासचिव एवं संचार प्रभारी जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि अमित शाह जिलाधिकारियों और कलेक्टरों को फोन कर रहे हैं और उन्हें खुलेआम डराने-धमकाने में लगे हैं।
उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि निवर्तमान गृह मंत्री डीएम/कलेक्टरों को फोन कर रहे हैं। अब तक उन्होंने उनमें से 150 से बात की है। यह स्पष्ट और निर्लज्ज धमकी है, जो दिखाती है कि बीजेपी कितनी हताश है। उन्होंने आगे यह भी कहा कि यह बिल्कुल स्पष्ट है कि जनता की इच्छा प्रबल होगी और 4 जून को मोदी, शाह और बीजेपी सत्ता से बाहर हो जाएंगी और भारत जन बंधन विजयी होगा।












Click it and Unblock the Notifications