भारत में चुनाव, अमेरिका में भविष्यवाणी! यूएस एजेंसी के अनुसार इतनी सीटें जीतेगी भाजपा
Lok Sabha Election: अमेरिकी राजनीतिक वैज्ञानिक इयान ब्रेमर के मुताबिक इस बार बीजेपी 305 सीटें जीत सकती हैं। ब्रेमर ग्लोबल पॉलिटिकल रिस्क कंसल्टेंट हैं और वो यूरेशिया ग्रुप के फाउंडर और प्रेसिडेंट भी हैं।
अमेरिकी राजनीतिक वैज्ञानिक ब्रेमर ने भारतीय लोकसभा चुनावों को लेकर यह भविष्यवाणी एनडीटीवी प्रॉफिट को दिए एक इंटरव्यू में की है। उन्होंने भारतीय चुनावों को लेकर और कई बड़ी बातें कही हैं। उनका इंटरव्यू आप इस आलेख के आखिर में देख सकते हैं।

दुनिया के मुकाबले भारतीय चुनावों को जमकर सराहा
ब्रेमर का कहना है कि अगर वैश्विक राजनीतिक नजरिए से देखें तो भारतीय आम चुनाव ही 'है जो स्थिर और सुसंगत दिखती है...बाकी सब कुछ (नवंबर में होने वाले अमेरिकी चुनाव समेत) समस्याग्रस्त हैं'।
उन्होंने वैश्विक स्तर पर जियोपॉलिटिकल अनिश्चितता और वैश्वीकरण के भविष्य की चिंता का जिक्र करते हुए कहा कि 'राजनीति खुद को वैश्विक बाजार में शामिल कर रही है... जंग, अमेरिका-चीन रिश्ता और अमेरिकी चुनाव सभी इसका एक बड़ा हिस्सा हैं।'
उनका कहना है कि लेकिन 'इन सबका ठीक से प्रबंधन नहीं हो पा रहा है और यह दबाव ज्यादा नकारात्मक हैं। सच तो यह है कि एकमात्र चीज जो राजनीतिक रूप से स्थिर और सुसंगत दिखती है, वह भारत का चुनाव है। बाकी सब कुछ समस्याग्रस्त नजर आता है।'
बीजेपी 295 से 315 सीटें जीतेगी- यूरेशिया ग्रुप रिसर्च
जब उनसे सीधे इस बार के भारतीय चुनावों की संभावनाओं के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यूरेशिया ग्रुप रिसर्च के अनुसार बीजेपी 295 से 315 सीटें जीतेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में बीजेपी 2014 में 282 और 2019 में 303 सीटें अकेले जीती थी। जबकि, पहले चुनाव में एनडीए को 336 और दूसरे चुनाव में 352 सीटें मिली थीं। इस बार भाजपा ने पार्टी के लिए 370 और एनडीए के लिए 400 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है।
भारतीय राजनीतिक व्यवस्था में बहुत ज्यादा अनिश्चितता नहीं है- इयान ब्रेमर
वैसे अमेरिकी विद्वान ने कहा है कि उनकी दिलचस्पी सीटों की संख्या में नहीं है। उन्होंने भारतीय चुनावों के बारे में कहा कि 'मेरी रुचि दुनिया के सभी चुनावों में (जिसमें यूरोपीय संघ में चुनाव और यूके में एक राष्ट्रीय चुनाव भी है) है, भारत जो कि सबसे बड़ा लोकतंत्र है, वहां सबसे सहज बदलाव हुआ है। भारतीय राजनीतिक व्यवस्था को लेकर बहुत ज्यादा अनिश्चितता नहीं है।'
मोदी लगभग निश्चित तौर पर तीसरे कार्यकाल के लिए जीतेंगे- अमेरिकी राजनीतिक वैज्ञानिक
उन्होंने, भारतीय चुनाव प्रक्रिया के 'स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी' होने को लेकर भी इसकी सराहना की है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि 'काफी मजबूत आर्थिक प्रदर्शन और लगातार सुधारों के दम पर मोदी लगभग निश्चित तौर पर तीसरे कार्यकाल के लिए जीतने जा रहे हैं, जो कि एक विशाल योजना के तहत एक बहुत ही मजबूत संदेश है।'
भारत के वैश्विक शक्ति बनने को लेकर भी किया बड़ा दावा
उन्होंने भारतीय अर्थव्यस्था को लेकर कहा, 'अब हम देखते हैं कि विकास रफ्तार पकड़ रही है। संभवत: अगले साल हम भारत को दुनिया की चौथी विशाल अर्थव्यवस्था और 2028 तक संभवत: तीसरी विशाल अर्थव्यवस्था बनते देखेंगे। इसके साथ ही हम भारत को बाकी दुनिया के साथ अपनी मित्रता को परिभाषित करने के मामले में और अधिक शक्तिशाली होते हुए भी देख रहे हैं।'












Click it and Unblock the Notifications