जानिए लॉकडाउन में पिछले 27 दिनों में फिल्म इंडस्ट्री को कितने का हुआ नुकसान
मुंबई। पीएम नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में लॉकडाउन पार्ट-2 का ऐलान कर दिया है। प्रधानमंत्री ने तीन मई तक के लिए लॉकडाउन बढ़ा दिया है। पीएम मोदी ने कहा है कि 3 मई तक हम सभी को, हर देशवासी को लॉकडाउन में ही रहना होगा। कोरोना वायरस के चलते पूरे देश में लॉकडाउन में जरूरी सर्विसेस को छोड़कर सबकुछ बंद चल रहा है और सभी को अगली 3 मई तक घर पर ही रहना पड़ेगा1 ये सभी की सुरक्षा के लिए ही है लेकिन इसके चलते काम रुक गया है और ऐसे में नुकसान की खबरें आ रही हैं। कोरोना वायरस और इसके चलते हुए लॉकडाउन में फिल्म इंडस्ट्री को भी भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है।


27 दिनों में हुआ लगभग 600 करोड़ का नुकसान
2020 के 100 दिन निकल चुके हैं लेकिन कोरोनावायरस के कारण लगाए गए लॉकडाउन के कारण महज 73 दिन ही मिले। देश भर में तो लॉकडाउन 22 मार्च से शुरु हुआ लेकिन बॉलीवुड में 9 दिन पहले से ही इसका असर देखने को मिला। लॉकडाउन से पहले ही महाराष्ट्र में पैर फैलाते संक्रमण को देखते हुए 13 मार्च से ही ज्यादातर सिनेमाघर बंद कर दिए गए थे। फिर 19 मार्च से सभी तरह के प्रोडक्शंस पर प्रतिबंध लगा दिया गया और फिल्मों की रिलीज डेट टाल दी गई। पिछले 27 दिनों से हुई तालाबंदी के कारण फिल्म इंडस्ट्री को 500-600 करोड़ का घाटा हुआ है।

2020 में बन सकता था ये रिकार्ड
मल्टीप्लेक्स मालिक और पिछले 40 वर्षों से फिल्मों का डिस्ट्रीब्यूशन करने रहे राज बंसल ने मीडिया को दिए इंटरव्यू में बताया कि अगर कोरोना का प्रकोप न होता तो निशिचित तौर पर ये 100 दिन पिछले साल के मुकाबले काफी मजबूत होते। अगर कोरोनावायरस नहीं आता तो ये 2020 फिल्म इंडस्ट्री के लिए 50 साल का गौरवपूर्ण साल होता। बंसल ने रेवेन्यु को ध्यान में रखते हुए ये बात कही। उन्होंने कहा कि इससे बड़ा साल फिल्म इंडस्ट्री ने 50 साल में नहीं देखा होता क्योकि बीच कई बड़ी और बेहतरीन फिल्में इस साल आने वाली थीं जो हर हाल में सुपर डूपर हिट होती।

इन दो फिल्मों का रिलीज टलने से हुआ भारी नुकसान
विशेषज्ञ बंसल के अनुसार 2020 के पिछले 100 दिनों में इंडस्ट्री को 500-600 करोड़ रुपए का घाटा हुआ है। इनमें सबसे बड़ा नुकसान दो फिल्मों 'सूर्यवंशी' और '83' का है। अक्षय की सूर्यवंशी और रणवीर सिंह की 83, रिलीज होने वाली थी लेकिन लॉकडाउन से चलते ऐसा नहीं हो सका। जिसकी वजह से इन फिल्मों के मेकर्स को भारी नुकसान हुआ रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी अक्षय कुमार स्टारर 'सूर्यवंशी' 24 मार्च को रिलीज होने वाली थी और इसे 6 दिन का शुरुआती वीकेंड मिलने वाला था। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 200-250 करोड़ रुपए का बिजनेस करती। वहीं, कबीर खान के निर्देशन में बनी '83' 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में लगने वाली थी और माना जा रहा था कि रणवीर सिंह स्टारर यह फिल्म भी 150-175 करोड़ रुपए का कलेक्शन आराम से कर ले जाती।

बैकअप प्लान यानी इंश्योरेंस भी काम नहीं आ सकता
लॉकडाउन से चलते फिल्मों के मेकर्स को भारी नुकसान हुआ, वहीं डीएनए की एक रिपोर्ट के मुताबिक इस नुकसान की भरपाई के लिए बैकअप प्लान यानी इंश्योरेंस भी काम नहीं आ सकता। दरअसल, इंश्योरेंस पॉलिसीज में कहा गया है कि जो फिल्में रिलीज नहीं हुईं या थियेटर में नहीं लगीं, कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन में उनके घाटे की भरपाई नहीं हो सकती। बताया जा रहा है कि फिल्म की रिलीज टाली जाती है या फिर फिल्म की शूटिंग पोस्टपोन की जाती है तो वो इसके तहत नहीं आते1 फिल्म की शूटिंग कैंसिल करना एक अलग स्टेप है और फिल्म की रिलीज डेट आगे पीछे करना एक कॉमर्शियल कॉल माना जाता है। कोरोना वायरस पहले से मौजूद कंडीशन से बाहर है।

लॉकडाउन से पहले से बंद हैं सिनेमाघर, हुआ करोड़ो का घाटा
पिछले 27 दिनों से सारे सिनेमाघर बंद पड़े हैं। आखिरी फिल्म टाइगर श्रॉफ स्टारर 'बागी 3' थी, जो 6 मार्च को रिलीज हुई थी। फिल्म करीब 9 दिन चली और लगभग 93 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। वहीं, लॉकडाउन का सबसे बड़ा नुक्सान इरफान खान स्टारर 'अंग्रेजी मीडियम' ने उठाया। यह 13 मार्च को रिलीज हुई थी और ठीक इसी दिन कई राज्य सरकारों ने प्रदेश के सभी सिनेमाघर बंद करने की घोषणा कर दी। दिल्ली समेत अन्य कई राज्यों में लॉकडाउन के काफी दिन पहले ही कोरोना संक्रमण के फैलने के डर से सभी सिनेमाहाल बंद करवा दिए गए थे। जिसके कारण मल्टीप्लेक्स और सिनेमाहालों को भी काफी नुकसान हुआ।

73 दिन की कमाई 800 करोड़ से ज्यादा
2020 में जिन 73 दिनों में सिनेमाघर खुले, उनमें बॉलीवुड और हॉलीवुड मिलाकर 65 से ज्यादा फिल्में रिलीज हुईं और बॉक्स ऑफिस पर सभी ने करीब 824 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। लेकिन जिन 27 दिनों में सिनेमाघरों में तालाबंदी रही, उनमें 500-600 करोड़ का घाटा लगा। यानी कि अगर पूरे 100 दिन सिनेमाघर खुलते तो बॉक्स ऑफिस का आंकड़ा लगभग 1400 करोड़ रुपए होता, जो कि पिछले साल की तुलना में करीब 150 करोड़ ज्यादा है। 2019 में 100 दिन के अंदर 70 से ज्यादा फिल्में रिलीज हुई थीं और सभी ने करीब 1260 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था।

लॉकडाउन खुलने के बाद भी फिल्म इंडस्ट्री को झेलना पड़ेगा ये संकट
मालूम हो कि लॉकडाउन के बाद अप्रैल में चाइना ने अपने यहां सिनेमा हॉल खोलने की कोशिश की थी। लेकिन एक दिन में एवरेज तीन हजार लोग ही फिल्में देखने पहुंचे। जबकि कोरोना वायरस से पहले सिनेमाघरों तक एवरेज 20 लाख लोग रोज पहुंचते थे। लेकिन वायरस के बाद सिनेमाघर तीसरे दिन इन्हें बंद कर दिया गया। विशेषज्ञ मान रहे हैं कि फिल्म उद्योग में सितंबर तक हालात सामान्य होंगे। सिनेमाघरों में पहले छोटी फिल्में रिलीज करके देखी जाएंगी। यदि वे चलती हैं, तो बड़ी फिल्मों को लाने का फैसला लिया जाएगा। अगस्त से पहले दर्शकों को बड़ी फिल्में देखने को शायद नहीं मिलेगी। यहां तक कि ये भी कहा जा रहा है आने वाले दिनों में एक हफ्ते में कई फिल्में रिलीज होगी जिसके कारण भी फिल्म निर्माताओं को नुकसान उठाना पड़ सकता हैं।

इन फिल्मों पर लगा कोरोना ग्रहण
बताया जा रहा है कि कोरोना वायरस के चलते हुए लॉकडाउन में सूर्यवंशी और 83 के अलावा कई और फिल्मों पर भी असर पड़ा है. जिसमें सलमान की 'राधे- योर मोस्ट वांटेड भाई', अक्षय की एक और फिल्म 'लक्ष्मी बॉम्ब', कार्तिक आर्यन की भूल भूलैया-2, रणबीर कपूर की शमशेरा, वरुण धवन की कुली नंबर 1 जैसी फिल्में शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications