पैसे नहीं बदल पाने पर गुस्साई भीड़, बैंक में की तोड़फोड़
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में स्थानीय लोगों ने भारतीय स्टेट बैंक की एक ब्रांच में तोड़फोड़ की है।
नई दिल्ली। जहां एक ओर पूरे देश में हर एटीएम के बाहर लोगों की लंबी लाइनें लग रही हैं, वहीं अब लोगों को धैर्य भी जवाब देने लगा है। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में स्थानीय लोगों ने भारतीय स्टेट बैंक की एक ब्रांच में तोड़फोड़ की है।

दरअसल, मुरादाबाद के कटघर की भारतीय स्टेट बैंक की ब्रांच में 4 बजे बाद काम बंद कर दिया गया, जिससे बाहर लाइन में लगे लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने बैंक के गेट पर तोड़फोड़ शुरू कर दी।
बैंक के गार्ड ने बताया कि बैंक 4 बजे बंद हो गया तो लोगों ने गुस्से में आकर तोड़फोड़ की। उसके अनुसार लोग चिल्ला-चिल्लाकर यही कह रहे थे कि बैंक का बंद होने का समय रात 8 बजे का है, फिर 4 बजे कैसे बंद हो गया।

धक्का-मुक्की है आम बात
जहां मुरादाबाद में लोगों ने बैंक में तोड़फोड़ कर दी है, वहीं देश भर से बैंकों के बाहर लाइनों में लगे लोगों के बीच धक्का मुक्की की खबरें सुनने में लगातार आ रही हैं। हालांकि, बैंक में तोड़फोड़ की खबर नहीं आई थी।
एटीएम में नहीं हैं पैसे
देश भर के एटीएम में से अधिकतर एटीएम खाली पड़े हैं। वहीं दूसरी ओर, जिनमें पैसे हैं उनके बाहर सैकड़ों लोगों की लाइन लगी हुई है। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा है कि दो सप्ताह में सभी एटीएम काम करने लगेंगे।
क्यों काम नहीं कर रहे एटीएम
दरअसल, अभी तक एटीएम की प्रोग्रामिंग पुराने 500 और 1000 रुपए के नोट के हिसाब से की गई है। नए नोटों का वजन और आकार पुराने नोटों से अलग है, जिसके चलते एटीएम के सेंसर इन नोटों को नहीं निकाल पा रहे हैं। दो सप्ताह में सभी एटीएम की प्रोग्रामिंग बदल दी जाएगी, जिसके बाद नोट निकलना शुरू हो जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications