LoC:एक जवान को अपनी शादी में पहुंचने में हो रही थी देरी, BSF ने लिया दिल छू लेने वाला फैसला
श्रीनगर, 29 अप्रैल: अपने सैनिकों का कल्याण सीमा सुरक्षा बल की पहली प्राथमिकताओं में से है। बीएसएफ जैसे देश के अर्द्धसैनिक बल सिर्फ सीमा सुरक्षा के लिए कठोर ड्यूटी के लिए ही नहीं हैं, वह मानवीय मूल्यों को भी उतनी ही अहमियत देते हैं। जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान से लगी नियंत्रण रेखा पर मुश्किल परिस्थियों में तैनात एक जवान के साथ ऐसा ही हुआ है। उसकी शादी की तारीख पक्की हो चुकी है। लेकिन, देश के जिस भौगोलिक क्षेत्र में वह ड्यूटी दे रहे हैं, वहां से ओडिशा के दूर-दराज वाले इलाके में तय समय पर पहुंच पाना उसके लिए लगभग नामुमकिन था। उसके माता-पिता को चिंता सता रही थी कि शादी के लिए सारे इंतजाम कर लिए, अगर बेटा समय पर नहीं पहुंच पाया तो उनके परिवार और दुल्हन के परिवार दोनों को कितनी दिक्कत हो जाएगी। बस उन्होंने किसी तरह से यूनिट कमांडर से संपर्क किया और उनकी परेशानियों का पल भर में ऐसा समाधान निकल आया कि उनका दिल खुश हो गया।

शादी में पहुंचने के लिए जवान की एयरलिफ्टिंग
गुरुवार को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने जम्मू और कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर दूर-दराज इलाके की पोस्ट पर तैनात एक जवान को निकालने के लिए एक स्पेशल हेलीकॉप्टर सॉर्टी का इंतजाम किया। दरअसल, उस जवान की शादी तय हो चुकी है और उसके लिए शुभ मुहूर्त पर एलओसी से करीब 2,500 किलो मीटर दूर ओडिशा तक पहुंच पाना असंभव हो गया था। इसलिए बीएसएफ ने यह फैसला लिया कि उन्हें हेलीकॉप्टर से वहां से निकालकर श्रीनगर पहुंचा दिया जाए, जहां से वे तय समय पर अपनी शादी में पहुंच सकते हैं।

बर्फीले इलाके में थी तैनाती
30 साल के बीएसएफ के कॉस्टेबल नारायण बेहरा की शादी 2 मई को तय हो चुकी है। बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि वह गुरुवार तक माछिल सेक्टर में ऊंचाई वाले इलाके में नियंत्रण रेखा पर देश की सुरक्षा में डटे हुए थे। जिस इलाके में उनकी पोस्टिंग थी, वह अभी भी बर्फ से ढंका है और वहां से इस समय कश्मीर घाटी तक पहुंचने के लिए सड़क मार्ग नहीं खुला है। उनके मुताबिक इस वजह से उस स्थान पर तैनात सैनिकों को लाने-ले जाने के लिए एक ही साधन उपलब्ध है और वह है मिलिट्री एयरलिफ्टिंग।

शादी के लिए सारी तैयारियां हो चुकी थी
नारायण बेहरा के माता-पिता को चिंता सता रही थी कि उनके लिए शादी में तय समय पर पहुंच पाना मुश्किल है। इसलिए, उन्होंने हाल ही में उनके यूनिट कमांडर से संपर्क किया और अपनी बात रखी कि अगर उनका बेटा शादी में तय समय पर नहीं पहुंचा तो कितनी दिक्कतें हो सकती हैं। अधिकारी के मुताबिक वह काफी परेशान थे कि शादी की सारी तैयारियां तो तय तारीख के हिसाब से ही की जा चुकी हैं। फिर यह बात बीएसएफ के इंस्पेक्टर जनरल (कश्मीर फ्रंटियर) राजा बाबू सिंह की जानकारी में दी गई।

सैनिकों का कल्याण 'पहली और सबसे महत्वपूर्ण प्राथमिकता'
बीएसएफ के अफसर के मुताबिक आईजी ने आदेश दिया कि फोर्स का जो चीता हेलीकॉप्टर श्रीनगर में है, उसे फौरन भेजकर बेहरा को एयरलिफ्ट किया जाना चाहिए। गुरुवार की सुबह हेलीकॉप्टर से बेहरा को उठाया गया और उन्हें श्रीनगर तक लाया गया। अब वे अपने घर ओडिशा के धेनकनाल जिले के आदिपुर गांव की ओर रवाना हो चुके हैं। आईजी राजा बाबू सिंह ने कहा है कि उन्होंने एयर सॉर्टी की मंजूरी दी, क्योंकि सैनिको का कल्याण ही उनकी 'पहली और सबसे महत्वपूर्ण प्राथमिकता' है। (तस्वीरें- प्रतीकात्मक)












Click it and Unblock the Notifications