हिमाचल प्रदेश में चुनावों की तारीखों का ऐलान, 9 नवंबर को वोटिंग, 18 दिसंबर को नतीजे
Recommended Video

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। राज्य में 16 से 23 अक्टूबर तक नामांकन होंगे। 9 नवंबर को मतदान होगा और वोटों की गिनती 18 दिसंबर को होगी। चुनाव के ऐलान के साथ ही राज्य में आचार संहिता लागू हो गई है। मुख्य चुनाव आयुक्त अचल कुमार ज्योति ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्योति ने बताया कि हिमाचल की सभी पोलिंग बूथों पर वीवीपैट से चुनाव होगा, किसी राज्य में ये पहली बार है जब सभी सीटों पर वीवीपैट का इस्तेमाल होगा, इससे मतदाता ये जान सकेगा कि उसका वोट किसे गया है।

चुनाव आयुक्त ने बताया है कि उम्मीदवार 28 लाख तक खर्च कर सकेगा। इस चुनाव में वोटिंग, नामांकन, जुलूस और सभी रैलियों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। साथ ही काउंटिंग हॉल में भी होंगे कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही सोशल मीडिया के जरिए गलत प्रचार और पेड न्यूज को रोकने के लिए भी विशेष गाइडलाइन बनाई गई हैं। बल्क एसएमएस भेजने पर भी रोक की बात चुनाव आयोग की ओर से कही गई है।
गुजरात में चुनाव की तारीखों का ऐलान शुक्रवार को होगा, पहले इस तरह की खबरें थीं कि आज ही गुजरात के भी चुनाव को लेकर ऐलान होगा लेकिन मुख्य चुनाव आयुक्त ने गुजरात चुनाव की तारीखों का ऐलान शुक्रवार को होने की बात कही है। आयोग की ओर से 18 दिसंबर से पहले गुजरात का चुनाव कराकर दोनों राज्यों के नतीजे 18 दिसबंर को घोषित करने की बात कही गई है।
हिमाचल में कांग्रेस की सरकार
गुजरात में इस समय भाजपा तो हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है। प्रधानमंत्री मोदी का सूबा होने की वजह से गुजरात चुनाव पर पूरे देश की नजर है। वहीं हिमाचल के चुनाव को भी देश की दोनों सबसे बड़ी पार्टियों ने नाक का सवाल बनाया हुआ है। हिमाचल का चुनाव वीरभद्र सिंह और राहुल गांधी के लिए अहम कहा जा रहा है। बीते काफी समय से कांग्रेस से राहुल गांधी हिमाचल में चुनावी रैलियां कर रहे हैं। बीते चुनाव की बात करें तो हिमाचल की कुल 68 सीटों में से कांग्रेस को 36 तो भाजपा को 26 सीट मिलीं। हिमाचल में बहुमत के लिए 35 सीटें चाहिएं। वीरभद्र सिंह छह बार हिमाचल के मुख्यमंत्री रह चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications