लालू यादव बोले- एगो बा पलटीमार, आ दूसरा बा कल्टीमार!
पटना। 2019 लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे को लेकर नीतीश कुमार और अमित शाह के बीच सहमति बन गई है। लंबी बातचीत और टकराव के बाद दोनों पार्टियों ने तय किया है कि वे बिहार में बराबर सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। नीतीश कुमार और अमित शाह के बीच हुई इस डील पर आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने चुटकी ली है। उन्होंने कहा कि ये दोनों पर्टियां पहले तो साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगी और बाद में एक-दूसरे के खिलाफ। लालू ने ट्वीट कर जदयू-बीजेपी पर कुछ यूं तंज कसा है।

आरजेडी सुप्रीमो के ट्वीट पर एक नजर
लालू यादव ने ट्वीट कर जदयू और भाजपा दोनों पर निशाना साधा है। साथ में उन्होंने यह भी दावा किया है कि उनकी पार्टी जदयू और भाजपा दोनों को एक साथ हराएगी।
एगो बा मास्टर इन चीटरी & भुलक्कड़ी आ दूसरा बा मास्टर इन फेकरी & फक्कड़ी!
फेर साथ लड़िहें, फेरु आपस में लड़िहें, फेर साथ लड़िहें, फेरु आपस में लड़िहें!
एगो बा पलटीमार, आ दूसरा बा कल्टीमार!
पहिले पलटू-अलटू के जनता अकेले-अकेले हरावत रहे, अब दूनो के साथ में हराई!
जय बिहार।

लालू ने नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार दोनों पर साधा निशाना
लालू यादव के अपने ट्वीट में नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा गया है। वह अपने खास स्टाइल में कह रहे हैं कि पलटीमार मतलब नरेंद्र मोदी पर वादों से मुकरने का आरोप लगा रहे हैं और कल्टीमार मतलब नीतीश कुमार की ओर इशारा है, क्योंकि उन्होंने महागठबंधन का साथ छोड़कर एनडीए में घर वापसी कर ली।

नीतीश कुमार से सहमति बनी पर एनडीए में खत्म नहीं हुइ है रार
नीतीश कुमार और अमित शाह भले ही बिहार में बराबर सीटों पर लड़ने को लेकर सहमति का ऐलान कर चुके हैं, लेकिन एनडीए के दो अन्य सहयोगियों मतलब लोजपा और रालोसपा की स्थिति साफ नहीं है। इधर अमित शाह और नीतीश कुमार ने सहमति का ऐलान किया, उधर उपेंद्र कुशवाहा की तेजस्वी यादव के साथ तस्वीरें मीडिया में छा गईं। हालांकि, उपेंद्र कुशवाहा ने स्पष्ट किया कि वह एनडीए में हैं, लेकिन राजनीति के जानकार टाइमिंग के इस खेल को इतना तो समझते ही हैं। उधर, राम विलास पासवान की पार्टी को कितनी सीटें दी जाएंगी, इस बारे में भी कोई स्पष्टता नहीं है। लोजपा नेता खुद कह रहे हैं कि उनसे सीट बंटवारे पर अब तक किसी ने बात नहीं की है।












Click it and Unblock the Notifications